भ्रष्ट व काम नहीं करने वाले अधिकारियों के लिए पंचकूला में जगह नहीं

विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने नगर निगम के अफसरों पर सख्ती दिखाई।
शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष अभियान
31 मई तक सभी 8 प्रमुख सड़कों-चौराहों पर लगेंगी नई लाइटें।
पेड़ों व घास की कटाई के लिए स्पेशल ट्रेनिंग होगी।

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

पंचकूला, 13 अप्रैल : पंचकूला में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे, मार्केट्स में अतिक्रमण, सड़कों के सुदृढ़ीकरण व सौंदर्यीकरण को लेकर विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने अफसरों पर सख्ती दिखाई है। शहर की मुख्य सड़कों व नगर निगम से संबंधित विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए उन्होंने वीरवार को सेक्टर 1 स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में नगर निगम के पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक की। विस अध्यक्ष ने स्पष्ट हिदायत देते हुए कहा कि पंचकूला में भ्रष्ट व काम न करने वाले अधिकारियों के लिए कोई जगह नहीं है। बैठक में नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल व निगम आयुक्त वीरेंद्र लाठर भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व उन्होंने इस साल 4 जनवरी, 7 फरवरी और 14 मार्च को भी बैठक कर इन विकास कार्यों की समीक्षा की थी।

विधान सभा अध्यक्ष एवं पंचकूला से विधायक ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि विकास कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति किसी भी प्रकार का लिहाज नहीं बरता जा सकता। उन्होंने कहा कि जनता के खून-पसीने की कमाई से सरकारी खजाने में धन आता है, इस धन का समुचित उपयोग करना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने पंचकूला शहर की सभी प्रमुख 8 सड़कों पर होने वाले कार्यों का ब्योरा मांगा। गत बैठकों में शहर को तीन जोन में बांट कर नगर निगम के कार्यकारी अभियन्ता स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन कार्यकारी अभियन्ताओं को अपने जोन में होने वाले सभी प्रकार के कार्यों को सिरे चढ़ाना है। वीरवार को आयोजित बैठक में विधान सभा अध्यक्ष ने इन अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि शहर की मुख्य 8 सड़कों की रि- कारपेटिंग, मरम्मत, रोशनी व पानी निकासी का प्रबंध तथा सौंदर्यीकरण संबंधी सभी कार्य करवाना कार्यकारी अभियन्ताओं की जिम्मेदारी है। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि इन सड़कों पर स्ट्रीट लाइट, पेड़ों की छंटाई तथा राउंड अबाउट्स के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। कर्ब स्टोनस और इंटरलोकिंग टाइल्ज लगाने के कार्य मई माह में पूरे कर लिए जाएंगे। सड़क के बीच में ग्रील और हेज लगाने का कार्य भी साथ-साथ पूरा किया जा रहा है।

इस दौरान सड़कों किनारे बने बस स्टॉप पर दिव्यांगों के लिए सुविधाएं विकसित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बस स्टॉप पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए तथा इसके लिए स्ट्रीट लाइट से इनके कनेक्शन जोड़े जा सकते हैं। गुप्ता ने यहां महिलाओं की सुरक्षा के लिए पेनिक बटन लगाने की संभावनाओं का पता लगाने को भी कहा।

विस अध्यक्ष ने स्वीपिंग मशीनों के कार्य के बारे में भी पूछा। इस पर अधिकारियों ने बताया कि ये मशीनें रात 9 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक कार्य करती है। बैठक में मौजूद पार्षदों ने भी इस पर सहमति जताई। ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि जनप्रतिनिधी होने के नाते सभी पार्षदों को नगर निगम और प्रशासन के कार्यों पर निगरानी रखना चाहिए। कार्य में कहीं भी कोताही होने पर संबंधित अधिकारियों तक बात पहुंचानी चाहिए। उन्होंने मुख्य सड़कों और मार्केट्स से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान पार्षदों और अधिकारियों ने नगर निगम के सहायक नगर योजनाकार एमपी शर्मा की कार्यशैली को सराहनीय बताया।

बैठक में पार्षद नरेंद्र लुबाना, सुरेश कुमार वर्मा, रितु गोयल, सोनिया सूद, जय कुमार कौशिक, हरिंदर मलिक, सुनीत सिंगला, राकेश कुमार, परमजीत कौर, सोनू बिड़ला, राजकुमार जैन, निगम की संयुक्त आयुक्त ऋ चा राठी, उप. नगर आयुक्त अपूर्व चौधरी, ईओ मानव मलिक, एचएसवीपी के एसडीई अजय बंसल, नगर निगम के सहायक नगर योजनाकार एमपी शर्मा, एसई विजय गोयल, कार्यपालक अभियंता मनदीप सिंह, कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार, सुमित मलिक, बीएसएनएल की एसडीओ सरोजिनी बलूनी, जेई दलबीर सिंह समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!