शपथ बाद में लूंगा पहले 24000 भर्तियों की ज्वाइनिंग दूंगा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

– कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने हुड्डा और रणदीप के कहने पर आयोग में की शिकायत, रुकवाई भर्ती

– कांग्रेस नेता शिकायत वापस लें तो तुरंत 24 हजार नौकरी देंगे

– कांग्रेस के डीएनए में झूठ, राहुल गांधी झूठ की स्क्रिप्ट लिखते हैं, हुड्डा, रणदीप उसे जनता में फैलाते हैं

– पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की पत्रकार वार्ता

चंडीगढ़ 31 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस सरकार के झूठ का पर्दाफाश किया। नायब सिंह सैनी ने कहा कि भर्ती रोको गैंग ने युवाओं का भविष्य खराब किया है। हम भर्ती करने वाले थे, लेकिन भूपेंद्र हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला के कांग्रेस नेता जयराम रमेश चुनाव आयोग के पास चले गए और सभी भर्तियां रुकवा दी। 24 हजार युवाओं की भर्तियां हमारे पास तैयार हैं, सिर्फ रिजल्ट घोषित करना बाकी है। जयराम रमेश चुनाव आयोग से अपनी शिकायत वापस लेते हैं और आयोग मंजूरी देता है तो हम तुरंत 24 हजार नौकरियां दे देंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज मैं हरियाणा के युवाओं से वादा करता हूं कि  चुनाव का रिजल्ट आएगा तो मैं मुख्यमंत्री पद की शपथ बाद में लूंगा पहले 24000 भर्तियों की ज्वाइनिंग दूंगा। जब युवा नौकरी लग जाएंगे उसके बाद ही शपथ लूंगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भूपेंद्र और दीपेंद्र हुड्डा भाजपा से हिसाब मांग रहे हैं, लेकिन इनका खुद का हिसाब कहां है पता नहीं। कांग्रेस ने तो अपने 10 साल के कार्यकाल में हरियाणा के विकास पर फुल स्टॉप लगा दिया था, लेकिन भाजपा ने नॉन स्टॉप विकास किया। मेरे 51 दिनों के कार्यकाल में हमने 126 ऐसे बड़े निर्णय लिए जिनका लाभ जनता ले रही है। युवाओं को नौकरी भी दी। जो भी निर्णय लिया उसे कैबिनेट में पास करवाया,पक्का काम किया। लेकिन हुड्डा एंड पार्टी प्रदेश में दुष्प्रचार कर रही है कि भाजपा ने 10 साल के कार्यकाल में कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के तो डीएनए में ही झूठ है। झूठ की स्क्रिप्ट राहल गांधी लिखते हैं और उस स्क्रिप्ट को फैलाने का काम हुड्डा, सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और कई बड़े नेता करते हैं। सैनी ने कहा कि जब भाजपा ने कांग्रेस से जो 10 सवाल पूछे, तो कांग्रेस ने जवाब देने की जगह इधर-उधर की बातें शुरू कर दी। भाजपा ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जो सवाल किए हैं और उनके जवाब की जनता प्रतीक्षा कर रही है। अगर वे सभी सवालों के जवाब नहीं दे सकते, तो कम से कम चार-पांच सवालों के जवाब जरूर दें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस का काम है आगे दौड़, पीछे छोड़, झूठ बोलकर भाग जाओ।

कांग्रेस धारा 370 और 35 ए वापस करने का समर्थन कर रही

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जम्मू-कश्मीर के संदर्भ में कहा कि कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ समझौता किया है, जिसके तहत कांग्रेस पार्टी ने धारा 370 और 35ए को पुनः लागू करने की बात की है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मुद्दा है, जो जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद और अस्थिरता के युग में वापस धकेलने का प्रयास है। नायब सिंह सैनी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे कांग्रेस के नेता इस समझौते का समर्थन कर रहे हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर में भारत की एकता और अखंडता के खिलाफ खड़ा होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि उनकी योजनाएं जम्मू-कश्मीर को फिर से अस्थिरता की ओर ले जाएंगी और यह विकास और शांति के रास्ते पर एक बड़ा अवरोधक होगी।

भाजपा ने 1 लाख 45 हजार नौकरियां दी

भूपेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर काम न करने का आरोप लगाया, जबकि वे उसी सड़क पर चल रहे थे और उसे ठीक से देख नहीं पा रहे थे। कांग्रेस की सरकार के 10 वर्षों में 80 हजार नौकरियों का दावा किया गया था, जो पर्ची और खर्ची के माध्यम से दी गई थीं। हुड्डा ने नौकरियां रेवड़ियों की तरह बांटी, उनके खास लोगों और नेताओं के बच्चों को नौकरी दी गई। लेकिन भाजपा सरकार ने बिना किसी पर्ची या खर्ची के 1 लाख 45 हजार नौकरियों देने का काम किया है। भाजपा और कांग्रेस की सरकार में यह बड़ा अंतर स्पष्ट देखा जा सकता है। कांग्रेस के 10 वर्षों की तुलना में भाजपा सरकार ने लगातार काम किया है, लेकिन कांग्रेस झूठ बोलने का काम कर रही है और दुष्प्रचार फैला रही है।

अशोक तंवर पर हमला, अब सैलजा को बाहर करने की साजिश

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस दलित विरोधी है। उस समय के कांग्रेस नेता रहे अशोक तंवर पर हमला किया गया, वो मुश्किल से बच पाए। अब हुड्डा कुमारी सैलजा को बाहर का रास्ता दिखाने की साजिश रच रहे हैं। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में सैनिकों का अपमान होता था। भाजपा ने सैनिकों का सम्मान किया। कांग्रेस के शासन में शहीद सैनिक के परिवार को 20 लाख रुपये मिलते थे, भाजपा ने इस राशी को बढ़ाकर 1 करोड़ किया। घायल सैनिक अनुग्रह राशी कांग्रेस में 15 लाख थी, भाजपा ने इसे 35 लाख किया। सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सैनिकों के परिवार वालों को अनुकंपा के आधार पर 6 नौकरियां दी, लेकिन भाजपा ने 337 नौकरी दी।

सीएम ने दिखाया 2 रुपये वाला चेक

पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस का किसान विरोधी चेहरा दिखाया। नायब सैनी ने बकायदा 2 रुपये वाले चेक की फोटो कॉपी भी दिखाई, जो एक किसान को मुआवजे के रूप में दिया गया था। सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार में किसानों को अपमानित किया जाता है, फसल खराब होने पर किसानों को  2-2 और 3-3 रुपये के चेक दिए जाते थे। कांग्रेस की सरकार में किसानों की फसलों का भुगतान समय पर नहीं किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने इस समस्या को दूर किया है और सीधे किसानों के बैंक खातों में पैसा भेजने का कार्य किया है। भाजपा सरकार ने अब तक लगभग 1 लाख 12 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में पहुंचाए। इसके अलावा, हमारी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद को बढ़ावा दिया है। आज सभी फसलें एमएसपी पर खरीदने वाला हरियाणा पहला राज्य है। नायब सैनी ने 10 साल के शासन में, कांग्रेस सरकार ने सिर्फ 1158 करोड़ का किसानों को मुआवजा दिया, जबकि भाजपा सरकार ने किसानों की तबाह फसलों के लिए 13 हजार 276 करोड़ रुपए सीधे उनके खातों में जमा किए हैं। यह दिखाता है कि भाजपा सरकार ने किसानों के हक और मुआवजे को प्राथमिकता दी है, जो कांग्रेस के शासनकाल में नहीं हुआ।

कांग्रेस ने किसानों की जमीनों को लूटकर दामाद को खुश किया

कांग्रेस के शासन में किसानों की जमीनों को लूटकर दामाद को खुश किया जाता था। दिल्ली में बैठे बड़े-बड़े लोग किसानों की जमीनें देखकर आते थे, और फिर दामाद को खुश करने के लिए दलितों और किसानों की जमीनों पर कब्जा किया जाता था। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में तबादलों के लिए लोगों को दलालों के चक्कर काटने पड़ते थे। भ्रष्टाचार चरम पर था। लेकिन आज, भाजपा सरकार में किसी को भी इस प्रकार के दरबारों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। अब ट्रांसफर एक पारदर्शी प्रणाली के तहत, एक लाइन में आदेश से होता है। कांग्रेस के शासनकाल में हरियाणा के एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी और बिजली निगम घाटे में थे। लेकिन भाजपा ने उन्हें मुनाफे किया। अब ये संस्थाएं प्रॉफिट में हैं और बिजली कटौती जैसी समस्याएं भी कम हो गई हैं।

मिर्चपुर कांड व गोहाना कांड कांग्रेस के शासन में हुए

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राहुल गांधी खुद को दलितों का हमदर्द बताते हैं। लेकिन उनकी कांग्रेस सरकार के दौरान मिर्चपुर और गोहाना कांड हुए। दलितों को गांव से पलायन करके जाना पड़ा, जनता उन कांड को अभी तक भुला नहीं पाई है। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने गरीब लोगों को 100-100 गज के प्लॉट देने का वादा किया था, लेकिन न तो कब्जा दिया और न ही कागज, जिससे लोग अपमानित होते रहे और परेशान होते रहे। उन्होंने वोट लेकर लोगों को छोड़ दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने गांवों में जाकर लोगों का चयन किया, उन्हें 100 गज का प्लॉट दिया, और उनके कागजात भी देने का काम भाजपा सरकार ने किया।

कांग्रेस सरकार में 500 रुपये मिलती थी पेंशन, भाजपा ने 3 हजार की

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान वृद्धावस्था पेंशन मात्र 500 थी, जिसे बढाकर 1000 करने का वादा किया गया था, लेकिन नहीं बढ़ाया गया। इसके विपरीत, भाजपा सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन 3000 तक बढ़ा दी है और आज देश भर में वृद्धजनों को सबसे अधिक सम्मान भाजपा सरकार ही प्रदान कर रही है। कांग्रेस सरकार के दौरान 2014 से पहले गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कोई सरकारी सहायता उपलब्ध नहीं थी, गरीब लोगों को इलाज के अभाव में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कांग्रेस के शासन में आयुष्मान कार्ड जैसी कोई योजना भी लागू नहीं की गई थी। इसके विपरीत, भाजपा सरकार द्वारा हरियाणा में एक करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं, जिसका लाभ देश व प्रदेश की जनता को मिल रहा है।

हुड्डा ने कोई काम नहीं किया, हमारी सरकार में अभूतपूर्व कार्य हुए

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने बिजली देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उनकी सरकार में बिजली की स्थिति खराब थी। भाजपा सरकार ने 24 घंटे बिजली देने का काम किया। कांग्रेस के समय सड़कों का बुरा हाल था, लेकिन अब भाजपा सरकार में सड़कों की स्थिति बेहतर हुई है। कांग्रेस के नेता अब सड़कों पर खड़े होकर कहते हैं कि सरकार कोई काम नहीं कर रही, जबकि वे खुद उन सड़कों पर चल रहे हैं जिन्हें भाजपा ने सुधारा है। भाजपा सरकार ने हरियाणा प्रदेश के हर जिले को फोर-लेन सड़कों से जोड़ने का काम किया है। जहां पहले प्रदेश में कोई एयरपोर्ट नहीं था, वहीं आज हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट बनकर तैयार हो रहा है।

15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 2005 में प्रदेश में केवल 3 मेडिकल कॉलेज थे और 2014 तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 10 साल के कार्यकाल में भी इस संख्या में कोई खास वृद्धि नहीं हुई। इसके विपरीत, भाजपा सरकार में आज प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और बाकी मेडिकल कॉलेजों के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है, जो जल्द ही संचालित हो जाएंगे। सरकारी कॉलेजों की बात करें तो 2014 में कुल 105 कॉलेज थे, जिनमें से 31 महिलाओं के लिए थे। भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में इस संख्या को बढ़ाकर 182 कॉलेज कर दिया है, जिसमें महिलाओं के लिए 70 नए कॉलेज खोले गए हैं। भाजपा सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रदेश की बेटियों को 20 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर पढ़ाई के लिए न जाना पड़े, और यह वादा उन्होंने 10 वर्षों के अंदर पूरा किया है।

एक महिला थाना था, भाजपा ने 33 बनाए

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में 2005 से 10 वर्षों के कार्यकाल में केवल एक महिला पुलिस थाना स्थापित किया गया था। जबकि भाजपा सरकार ने 33 नए महिला पुलिस थाने स्थापित किए हैं, जिससे महिलाओं को अत्याचारों के खिलाफ खुलकर अपनी बात रखने का मौका मिला है। इसके अलावा, भाजपा सरकार ने 112 मोबाइल सेवा भी शुरू की है, जिससे किसी भी महिला या बेटी को किसी भी तरह की दिक्कत होने पर पुलिस मात्र 7 मिनट के अंदर उसकी मदद के लिए पहुंच जाती है। कांग्रेस केवल झूठ बोलकर वोट बटोरने का काम करती है, कांग्रेस का डीएनए ही झूठ पर आधारित है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस ने झूठ बोला कि वे हर साल एक लाख सरकारी नौकरियां देंगे। लेकिन जब आज हिमाचल में कांग्रेस की सरकार को 2 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं आज तक एक भी सरकारी नौकरी नहीं निकाली गई है। राहुल गांधी जनता के सामने सच बताने का काम करें न कि झूठ फैलाने का।

कर्नाटक में कांग्रेस ने महिलाओं को 2000 रुपये देने का झूठा वादा, आज तक पूरा नहीं हुआ

नायब सैनी ने कहा कि कर्नाटक में भी कांग्रेस ने महिलाओं को 2000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन आज तक किसी भी महिला के खाते में एक भी पैसा नहीं आया यह सिर्फ वोट बटोरने के लिए झूठे वादे किए गए थे। तेलंगाना में भी कांग्रेस ने वादा किया था कि 1 साल के भीतर सभी सरकारी पदों पर भर्तियां की जाएंगी, लेकिन वहां भी वादा अधूरा ही रह गया। कांग्रेस के नेताओं को इतना झूठ बोलने की बजाय देश को आगे बढ़ाने का काम करना चाहिए। कांग्रेस ने वादा किया था कि राज्य में इंधन की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी। लेकिन, अब डीजल पर वैट बढ़ा दिया। कांग्रेस ने वहां घोषणा की थी कि 300 यूनिट तक की बिजली मुफ्त दी जाएगी, बहरहाल इस वादे को भी पूरा नहीं किया गया और बिजली के रेट बढ़ा दिए गए।

कांग्रेस ने 60 वर्ष की आयु के बीच की महिलाओं को 1500 मासिक वित्तीय सहायता देने का वादा किया था, लेकिन आज तक किसी भी महिला को यह राशि प्राप्त नहीं हुई है। कांग्रेस ने कर्नाटक में 2 लाख से ज्यादा सरकारी पदों पर भर्ती करने की घोषणा की थी, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। हरियाणा में भाजपा सरकार ने कांग्रेस के इन वादों को लागू किया है। भाजपा ने अपने मेनिफेस्टो में किए गए वादों को पूरी ईमानदारी और 100 प्रतिशत लागू करने का काम किया है।

कांग्रेस का सिद्धांत कहना कुछ, करना कुछ

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस अक्सर बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन वास्तविकता में उन वादों को पूरा नहीं करती। कांग्रेस का चरित्र ‘कहना कुछ, करना कुछ’ के सिद्धांत पर चलता है। भाजपा सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों की संख्या को 21 लाख 82 हजार से बढ़ाकर 34 लाख 66 हजार कर दिया, जिससे सामाजिक सुरक्षा का दायरा और भी बढ़ गया। कांग्रेस सरकार के समय शगुन राशि 31 हजार थी, जिसे भाजपा सरकार ने बढ़कर 71 हजार कर दिया है। कांग्रेस को अपने कामकाज के बारे में बताना चाहिए और स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने किस प्रकार से लोगों को गुमराह किया है।

Previous post

सीएम नायब सैनी को पूरे हरियाणा में नहीं मिल रही सेफ सीट, हार के डर से यहां-वहां जगह तलाश रहे भाजपाई- चौ. उदयभान

Next post

ब्राह्मण समाज ने गुरुग्राम विधानसभा से मांगा टिकट, निर्दलीय प्रत्याशी उतारने की दी चेतावनी

You May Have Missed