हरियाणा में मुख्यमंत्री के नाम पर नहीं बल्कि जनता की आवाज उठाने वालों को वोट देने का आह्वान किया
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने जाटलैंड के गांव समसपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन संबोधित किया
कार्यकर्ता सम्मेलन में राव इंद्रजीत सिंह के हरियाणा के भावी मुख्यमंत्री के नारे लगे

चरखी दादरी जयवीर फौगाट,

22 सितंबर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि दक्षिण हरियाणा के अंतिम छोर पर रावी-ब्यास का पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और प्रत्येक घर में पेयजल उपलब्ध होगा। हालांकि भाजपा की सरकार में दक्षिण हरियाणा में उसके हिस्से का पानी भी पहुंचाया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह जाटलैंड में चरखी दादरी के गांव समसपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। सम्मेलन में उनके संबोधन के दौरान हरियाणा के भावी मुख्यमंत्री के नारे भी लगे। इस दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने की सबकी तमन्ना होती है। दक्षिण हरियाणा की जनता ने भाजपा को विधायक देकर हरियाणा सरकार बनाने में अहम योगदान दिया है। कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री से लेना-देना नहीं बल्कि जनता की समस्याएं दूर हो, इसके लिए हमेशा उनका प्रयास रहेगा। केंद्र में भाजपा सरकार की सरकार द्वारा किए जा रहे विकास व अन्य परियोजनाओं के चलते आज पूरे विश्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका बज रहा है। सम्मेलन के बाद केंद्रीय मंत्री ने गांव समसपुर के जलघर का निरीक्षण किया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को पेयजल का जल्द समाधान बारे निर्देश दिए। उनके साथ राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव व सांसद धर्मबीर सिंह भी मौजूद रहे।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अमर शहीदों की स्मृति में हरियाणा में अंबाला व नारनौल के नसीबपुर गांव में शहीद संग्रहालय बनेंगे। इन संग्रहालयों गुमनाम शहीदों के अलावा प्रदेश के शहीदों के नाम लिखे जाएंगे। शहीदों को सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार धरातल पर कार्य कर रही है। भाजपा की केंद्र सरकार ने दिल्ली में नया शहीद संग्रहालय बनाकर शहीदों को सम्मान दिया है। वहीं उन्होंने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर कहा कि कांग्रेस मौका तलाश रही है। किसी तरह पार्टी वापिस सत्ता में लौटे, हर कोई प्रयास करता है। क्षेत्रीय दलों द्वारा तीसरा मोर्चा को लेकर कहा, समय बताएगा तीसरा मोर्चा बनेगा या नहीं। कोरोना के चलते लोगों से नहीं हो पाया संपर्क, जनता से मिलने का कार्यक्रम दोबारा शुरू किया है।

जनसभा के बाद केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने समसपुर के जलघर का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राव इंद्रजीत सिंह जनसभा स्थल के समीप स्थित हनुमान मंदिर में गए और वहां मत्था टेका।