गुरुग्राम – ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन रजिस्टर नंबर 1947 गुरुग्राम डिपो कमेटी के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी स्थानीय मांगों के समर्थन में व स्थानीय रोडवेज महाप्रबंधक के खिलाफ 1 दिन का धरना दिया तथा जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

डीपों के गेट पर धरने पर उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डिपो प्रधान सतेन्द्र कादियान ने कहा कि अगर आज के सांकेतिक धरने के बाद भी महाप्रबंधक रोडवेज गुरुग्राम ने कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं का उचित समाधान नहीं किया तो यूनियन के डिपो पदाधिकारी आगामी 18 नवंबर 2021 को मांगों के समर्थन में तथा महाप्रबंधक की हठधर्मिता वह तानाशाही के खिलाफ 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने महाप्रबंधक पर आरोप लगाया कि वह कुछ चापलूस किसम के कर्मचारियों व अधिकारियों की शह पर चालक परिचालकों का शोषण व उत्पीड़न कर रहे हैं जिसको यूनियन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी तथा तानाशाही का मुंहतोड़ जवाब देगी।

इस अवसर पर यूनियन के राज्य प्रधान विनोद शर्मा ने कहा कि महाप्रबंधक को कर्मचारी समस्याओं को गंभीरता से लेकर यूनियन से बातचीत के माध्यम से उनका समाधान करना चाहिए ताकि संस्थान में शांति बनी रहे कर्मचारी अपनी इमानदारी से ड्यूटी कर सके। उन्होंने स्थानीय कर्मचारियों की मांगों का पूर्ण रूप से समर्थन किया। विनोद शर्मा ने हरियाणा सरकार की लगातार 7 वर्षों से कर्मचारी विरोधी नीतियां लागू करने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि रोडवेज कर्मचारियों की मानी हुई मांगे सरकार लागू नहीं कर रही है जिसको लेकर रोडवेज कर्मचारी रोष स्वरूप आगामी 10 नवंबर 2021 को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय करनाल में रोष प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कर्मचारियों से रोष प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की भी अपील की। धरने को सतवीर यादव, विनोद कुमार, ब्रहम प्रकाश सैनी, मुनीष दलाल, सुशील कुमार, कुलदीप राव, संजय कुमार, लीला राम, श्रीभगवान जांगड़ा, अजय कुमार आदि पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।