सितम्बर माह में नगर निगम को प्रॉपर्टी टैक्स से प्राप्त हुए 35.55 करोड़ रूपए

– हरियाणा सरकार द्वारा दी जा रही छूट योजना का उठाया गुरूग्राम के नागरिकों ने लाभ
– जोन-3 व जोन-4 क्षेत्रों से सर्वाधिक 25.79 करोड़ रूपए हुए जमा

गुरूग्राम, 1 अक्तुबर। हरियाणा सरकार द्वारा दी जा रही छूट एवं ब्याज माफी योजना का लाभ उठाते हुए गुरूग्राम के संपत्ति मालिकों ने सितम्बर माह में 35.55 करोड़ रूपए की राशि नगर निगम गुरूग्राम के खजाने में जमा करवाई है। इसमें सर्वाधिक जोन-3 व जोन-4 क्षेत्रों से 25.79 करोड़ रूपए की राशि जमा हुई है।

ज्ञात हो कि हरियाणा सरकार द्वारा गुरूग्राम के प्रॉपर्टी मालिकों को छूट एवं ब्याज माफी का लाभ 30 सितम्बर तक दिया गया था। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा इस महत्वपूर्ण योजना के बारे में संपत्ति मालिकों को जागरूक किया तथा केवल एक माह में नगर निगम के खजाने में 35.79 करोड़ रूपए की राशि प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में जमा हुई। अगर जोनवाईज बात की जाए तो सबसे अधिक राशि जोन-3 क्षेत्र के संपत्ति मालिकों द्वारा जमा करवाई गई। जोन-3 क्षेत्र से नगर निगम के खजाने में 12.99 करोड़ रूपए जमा हुए। इसी प्रकार, जोन-4 क्षेत्र से 12.80 करोड़ रूपए, जोन-2 क्षेत्र से 7.11 करोड़ रूपए तथा जोन-1 क्षेत्र से 2.58 करोड़ रूपए प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में प्राप्त हुए।

अगर वित्त वर्ष 2021-22 के आंकड़ों पर नजर डाली जाए, तो 1 अप्रैल से 30 सितम्बर तक नगर निगम के खजाने में प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में 116 करोड़ रूपए से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। इस राशि में जोन-1 से 5.84 करोड़ रूपए, जोन-2 से 26.41 करोड़ रूपए, जोन-3 से 52.42 करोड़ रूपए तथा जोन-4 से 32.22 करोड़ रूपए की राशि का प्रॉपर्टी टैक्स जमा हुआ है।  

उल्लेखनीय है कि नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त मुकेश कुमार आहुजा द्वारा सभी जोनल टैक्सेशन ऑफिसरों को निर्देश दिए गए थे कि वे प्रॉपर्टी मालिकों को प्रॉपर्टी टैक्स की अदायगी करने के लिए प्रेरित करें। निगमायुक्त के निर्देशों की पालना में टैक्स ब्रांच द्वारा टेलीफोन सहित अन्य माध्यमों से प्रॉपर्टी मालिकों को टैक्स जमा करवाने के लिए प्रेरित किया। डिफॉल्टर प्रॉपर्टी मालिकों के भवनों को सील करने की कार्रवाई भी टैक्स ब्रांच द्वारा की गई।

You May Have Missed

error: Content is protected !!