ई टिक्टींग मशीन समय की जरूरत
ई टिक्टींग मशीन लागू करने की कर्मचारी लम्बे समय से कर रहे थे मांग

चण्डीगढ, 8 सितम्बर! हरियाणा रोड़वेज वर्कर्स यूनियन सम्बन्धित सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान इन्द्र सिंह बधाना, महासचिव सरबत सिंह पूनिया, वरिष्ठ उप प्रधान नरेन्द्र दिनोद, कोषाध्यक्ष राजपाल व मुख्यालय सचिव जयकुमार दहिया ने मुख्य मंत्री व परिवहन मंत्री द्वारा ई टिक्टींग मशीन लागू करने के नाम पर कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने की तीखी आलोचना की है। कर्मचारी नेताओं ने कहा पड़ोसी राज्यों में ई टिक्टींग मशीन सुविधा लम्बे अर्से से लागू है। यूनियन की मांग पर 6 जनवरी 2020 को परिवहन मंत्री से हुई बातचीत में सरकार ने ई टिक्टींग मशीन तुरन्त लागू करने का वायदा किया था। कोरोना दौर में कोरोना बचाव के लिए ई टिक्टींग मशीन अति जरूरी है,परन्तु अब फिर ई टिक्टींग मशीन उपलब्ध करवाने की 6 माह की समय सीमा रख कर भ्रष्टाचार समाप्त करने के नाम पर कर्मचारियों को बदनाम करने का एजेंडा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा आधुनिक युग में कर्मचारियों, यात्रियों व विभाग की सुविधा के लिए ई टिक्टींग मशीन बहुत पहले लागू होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कर्मचारियों का मनोबल तोड़ने के लिए भ्रष्टाचार का आरोप लगाने की बजाए उच्च स्तर पर विभाग में भ्रष्टाचार रोकने के पुख्ता प्रबन्ध करना चाहिए।

प्रांतीय नेताओं ने कहा कर्मचारियों की दिन रात मेहनत के कारण विभाग बुलंदियों पर पहुंच गया था। परन्तु अब सरकार की निजीकरण नीतियों व विभाग में सरकारी बसों की भारी कमी के कारण विभाग बर्बादी की ओर जा रहा है। विभाग में 4500 ई टिक्टींग मशीन खरीद करने के बयान पर कर्मचारी नेताओं ने कहा वर्तमान में विभाग में 4500 बसें नही बल्कि केवल 3090 बसें ही है,इन बसों में से 2300 बसे कुछ महीनों में रिटायर होने पर विभाग में केवल 900 के लगभग बसें रह जाएंगी। आने वाले दो वर्ष में हजारों कर्मचारी रिटायर हो जाएंगे। इस हालत में विभाग में बसें व कर्मचारी नही रहेंगे तो केवल ई टिक्टींग मशीन खरीद बेमानी होगी। यूनियन नेताओं ने सरकार से पुरजोर मांग की निजीकरण पर रोक लगा कर प्रदेश की बढ़ती आबादी अनुसार विभाग में 14 हजार सरकारी बसें शामिल करें व वर्तमान में 6000 परिचालकों को ई टिक्टींग मशीन उपलब्ध करवाएं। उन्होंने विभाग में खाली पड़े 8200 पदों पर पक्की भर्ती करने की मांग की।

error: Content is protected !!