भारत सारथी/ऋषि प्रकाश कौशिक

गुरुग्राम। भिवानी से तो समाचार आ ही गया कि संगठन के खिलाफ उन्हीं के कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। यही स्थिति कहीं गुरुगाम की न बन जाए, इसी को रोकने के लिए शायद दो दिन प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ गुरुग्राम के सभी पार्टी पदाधिकारियों से मिलेंगे।

पिछले काफी समय से गुरुग्राम से भाजपा संगठन के बारे में समाचार आ रहे हैं कि संगठन के विरूद्ध भाजपा कार्यकर्ता ही आवाज उठा रहे हैं। भाजपा जिला संगठन के बारे में भी कहा जाता है कि नियुक्तियां योग्यताओं के आधार पर न होकर, संबंधों के आधार पर हुई हैं। इसी प्रकार मोर्चे जो बने हैं, उनमें और जिला संगठन में सामंजस्य का अभाव नजर आता है। वरिष्ठ कार्यकर्ता अपने आपको एकाकी महसूस कर रहे हैं। उनका सोचना है कि इतने वर्ष जीवन के हमने पार्टी के लिए गुजारे और अब सम्मान नहीं मिलता।

एक और बात देखने में आ रही है पार्टी की कि पिछले कुछ वर्षों में अनेक कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में सम्मिलित हुए हैं। उनको भी ऐसा प्रतीत होता है कि संगठन की ओर से उन्हें पराया समझा जाता है। इसी प्रकार अनेक समस्याएं भाजपा संगठन में दिखाई दे रही हैं और शायद इसका भान प्रदेश अध्यक्ष को भी हो गया है और वह समय रहते पार्टी के हर तबके से अलग-अलग मिलकर समस्या के जड़ में पहुंचकर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।

यह तो समय बताएगा कि प्रदेश अध्यक्ष को गुरुग्राम भाजपा संगठन को एक करने में सफलता मिलेगी या यहां भी भिवानी की तरह ही घटना घटित हो सकती है।

error: Content is protected !!