उपायुक्त ने तीर चलाकर किया शुभारंभ

-गुरुग्राम को मिली है 4 खेलों -तीरंदाजी, तैराकी, हैंडबॉल व कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी
इन 4 खेलों में 22 जिलों के 01 हजार 679 खिलाड़ी ले रहे हैं भाग

गुरुग्राम, 27 अगस्त। प्रदेश में आज से तीन दिवसीय ‘खेलो हरियाणा’ कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। खेलो हरियाणा कार्यक्रम के तहत मुख्य आयोजन जिला फरीदाबाद में किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी की जा रही है। इसी कड़ी में आज जिला गुरुग्राम को मिली 4 खेल प्रतियोगिताओ की मेजबानी के मद्देनजर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त डॉ यश गर्ग ने सेक्टर 38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में इन खेल प्रतियोगिताओ का शुभारंभ किया।

डॉ यश गर्ग ने खेलो हरियाणा का ध्वज फहराया और सभी 22 जिलों की टीमों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली।

उपायुक्त डॉक्टर गर्ग ने तीर चलाकर किया खेलों का शुभारंभ

डॉ गर्ग ने जिला में आयोजित हो रही चार खेल प्रतियोगिताओ, जिसमे तीरंदाजी भी शामिल है, का शुभारंभ तीर चलाकर किया। उन्होंने शुभारंभ के पश्चात सभी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। इसके बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना भी नही की जा सकती। खेल हमे शारीरिक मजबूती के साथ साथ अनुशासन भी सिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि खेल एक ऐसा माध्यम है जिसकी सफलता आपको नई ऊंचाइयों पर ले जाती है। टोकियो ओलंपिक इसका प्रमुख उदाहरण है। उन्होंने सभी खिलाड़ियो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी अपना सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करते हुए खेलो में अपने प्रदेश का नाम रोशन करें।

इस दौरान उपायुक्त डॉ यश गर्ग ने मैदान में जाकर एक-एक कर सभी जिलों के खिलाड़ियों से परिचय कर उनको आगामी प्रतियोगिताओं के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

जिला में खेलो हरियाणा कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में आयोजित होने वाली उपरोक्त चार प्रतियोगिताओं में प्रदेश के 22 जिलों के 01 हजार 679 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम के तीरंदाजी व हैंडबॉल का आयोजन ताऊ देवीलाल स्टेडियम में किया जाएगा। वहीं तैराकी प्रतियोगिता सेक्टर 29 स्थित हुडा जिमखाना क्लब में आयोजित की जाएगी। कब्बडी प्रतियोगिता का आयोजन नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा।

श्री मीणा ने बताया कि सभी खिलाड़ियों व उनके साथ आये प्रशिक्षकों के रहने की व्यवस्था शहर के विभिन्न स्कूलों में की गई है। इसके साथ ही खिलाड़ियो को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है।

इस अवसर पर गुरुग्राम मंडल के खेल उपनिदेशक राममेहर सिंह, खेल मुख्यालय के उपनिदेशक सतबीर सिंह सहित जिला खेल अधिकार जे. जी बनर्जी सहित खेल विभाग के अन्य अधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!