एथलेटिक्स के छह पदकों में से तीन हरियाणा के शेरों के नाम
टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम में भी हरियाणा के दो लाल

चंडीगढ़ 7 अगस्त – हरियाणा के खिलाड़ियों ने भारत का गौरव बढ़ाते हुए शानदार प्रदर्शन की बदौलत टोक्यो ओलंपिक 2020 के इतिहास में हरियाणा का नाम चमका दिया है। अब तक भारत के सात पदकों में से एथलेटिक्स के 6 पदक हैं जिनमें से 3 हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम हैं। टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम में भी हरियाणा के दो खिलाड़ी हैं।
आज 7 अगस्त 2021 का दिन पानीपत जिले के खण्डरा गांव के रहने वाले नीरज चोपड़ा के भाला फेंक में टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही हरियाणा के लिए विशेष दिन बन गया। नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक में ऐतिहासिक जीत दर्ज करके भारत को राष्ट्रगान का क्षण दिया। इसके साथ ही झज्जर जिले के बजरंग पुनिया ने भी आज पदक तालिका में एक और कांस्य पदक जोड़ा।

आंकड़ों के मुताबिक, भारत अब तक दुनिया के सबसे बड़े खेल टूर्नामेंट टोक्यो ओलंपिक में कुल सात पदक जीत चुका है। इनमें से 6 पदक एथलेटिक्स स्पर्धाओं के हैं।

देश को गौरवान्वित करने वाले हरियाणा के लाल

नीरज चोपड़ा- स्वर्ण पदक- पुरुषों की भाला फेंक
रवि दहिया- रजत पदक- पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती
बजरंग पुनिया- कांस्य पदक- पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती
भारतीय हॉकी टीम- कांस्य पदक सुरेंद्र कुमार, सुमित कुमार

error: Content is protected !!