धनखड़ बोले- शहीदों और तिरंगे के सम्मान में सड़कों पर उमड़ने वाले असली किसान
लाल किले पर तिरंगे का अपमान करने वाले फर्जी किसान: ओमप्रकाश धनखड़
बहल से लोहारू तक निकली पहली तिरंगा यात्रा

गुडग़ांव, 1 अगस्त – हरियाणा भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को 15 दिवसीय शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के पहले ही दिन भिवानी जिले के बहल से लोहारू तक लगभग 40 किलोमीटर लंबी यात्रा में हजारों ट्रैक्टरों पर सवार किसानों के हुजूम से आंदोलनरत कथित किसान नेताओं को न केवल करारा जवाब दिया बल्कि भाजपा नेताओं ने दिल्ली का रास्ता रोके बैठे कथित किसान नेताओं को यहां से यह संदेश भी दिया कि असली किसान शहीदों और तिरंगे के सम्मान में सड़कों पर उतरता है, न कि लाल किले जैसी घटना से तिरंगे का अपमान करता है।

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के बीच इस तिरंगा यात्रा में बीजेपी के समर्थन में इतना बड़े जमावड़े ने बीजेपी के विरोधियों को भी आईना दिखा दिया।

ट्रैक्टरों पर सवार किसानों की भीड़ को देखकर गदगद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने यात्रा की शुरुआत करते हुए न केवल किसानों के नाम पर आंदोलन कर रहे किसान नेताओं को आड़े हाथ लिया बल्कि कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा।

ओम प्रकाश धनखड़ ने यात्रा में मौजूद किसानों कि तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये ही असली किसान है। जिनके ट्रैक्टर शहीदों और तिरंगे के सम्मान के लिए सड़कों पर उतरें हैं। वे कभी किसान नहीं हो सकते, जिन्होंने अपने ट्रैक्टरों से 26 जनवरी को दिल्ली की सड़कों पर आतंक मचाया और लाल किले पर तिरंगे का अपमान किया हो।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा वे खुद पहले पिछली सरकार में कृषि मंत्री रहे हैं और अब इस हलके के विधायक जे.पी दलाल कृषि मंत्री हैं। बीजेपी सरकार में किसानों की बल्ले-बल्ले हुई है। फसल बीमा योजना की वजह से किसानों को अच्छा मुआवजा मिला है।

ओमप्रकाश धनखड़ ने चुटकी लेते हुए कहा कि पहले इस इलाके के लोगों को बागड़ी कहा जाता था, यहां के लड़कों के मध्य हरियाणा में रिश्ते भी नहीं होते थे, लेकिन आज बाजरे का इतना दाम हरियाणा की सरकार दे रही है कि धान और बाजरा की खेती करने वालों के आपस में रिश्ते होने लगे।

धनखड़ ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा। कहा कि दस साल लगातार मुख्यमंत्री रहने वाले हुड्डा ने कभी किसानों की परवाह नहीं की। बल्कि जब किसान मुश्किल समय में थे तो हुड्डा ने राहत के रूप में किसानों को 6 – 6 रुपये के चेक देकर उनके साथ मजाक किया था। धनखड़ ने कहा कि किसानों की आड़ में राजनीति करने वालों में दम है तो वे अपना डंडा और अपना झंडा लेकर सरकार की नीतियों का विरोध करें।

इतनी बड़ी तिरंगा यात्रा कार्यकर्ताओं के अनुशासन की भी परीक्षा थी, लेकिन ओम प्रकाश धनखड़ के निर्देश का पालन करते हुए कार्यकर्ता इस पर खरे उतरे। यही कारण रहा कि इस ट्रैक्टर रैली में कोई स्टेज नहीं बनाई गई थी और ना ही नेताओं के लिए कोई कुर्सी थी और चारों ओर सिर्फ और सिर्फ ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर नजर आ रहे थे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं के आदेश का पालन किया और एक लंबी कतार में अनुशासित तरीके से आगे बढ़ते रहे।

इस तिरंगा यात्रा के आयोजक कृषि मंत्री जेपी दलाल भी ट्रैक्टरों की लंबी कतार देखकर बहुत खुश नजर आए और उन्होंने लोगों का इतना समर्थन देने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जब तक उनका आशीर्वाद है तब तक सेवा करता रहूंगा और आप की लड़ाई लड़ता रहूंगा।

आज इलाके में न पानी की कोई किल्लत है और न ही किसान को किसी तरह की समस्या आ रही है।
इसी तरह भाजपा की तिरंगा यात्रा 15 अगस्त तक सभी 90 विधानसभाओं में निकलेगी। लेकिन पहले दिन का संदेश साफ था कि कृषि कानून किसानों के हित में ही बनाए गए हैं और असल में किसान इससे खुश हैं। कृषि कानूनों का विरोध केवल राजनीतिक है।

ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट के बीच देश भक्ति गीतों पर लहराते हजारों तिरंगों से माहौल में घोला देशभक्त रंग

बहल में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और कृषि मंत्री जेपी दलाल ने माल्यार्पण कर शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा की शुरुआत की घोषणा की, वैसे ही यहां उपस्थित 10 डीजे सैटों पर देश भक्ति गीतों की धुन बजने लगी और इस गगन भेदी गूंजों पर हजारों किसानों के हाथों में मौजूद तिरंगे लहराने लगे। नेताओं के संबोधन के बाद ट्रैक्टर कई किलोमीटर तक लाइन में लग गए। यात्रा में कार्यकर्ताओं की 400 मोटरसाइकिल और 300 गाडिय़ां भी इन ट्रैक्टरों के पीछे चली। यात्रा का रास्ते में 15 जगह भव्य स्वागत हुआ। यात्रा गांव सिरसी, चैहड खुर्द, चैहड़ कला, नकीलपुर पहाड़ी, मनफरा, खरकडी, सिंघानी, गिगनाऊ, ढाणी टोडा से होते हुए लोहारू के शहीद भगत सिंह प्रतिमा पर पहुंची। जिसमें लगभग तीन घंटे का समय लगा। बीच में पड़ने वाले इन सभी गांवों में फूल बरसाकर लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। जहां – जहां से तिरंगा यात्रा गुजरी छतों पर खड़ी महिलाओं और बच्चों ने भी फूल बरसाए और भारत माता की जय के नारे लगाए।

तिरंगा यात्रा में भाजपा के जिला अध्यक्ष शंकर धूपड़, जिला प्रभारी मनीष मित्तल, जिला के पूर्व अध्यक्ष नन्दराम धानिया, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर माण्डी, प्रदेश के युवा आयोग के चेयरमैन मुकेश गौड़, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह, प्रदेश सचिव सरोज सिहाग, जिला महामंत्री बृजपाल सिंह, जिला महामंत्री हर्षवर्धन मान आदि मौजूद सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!