गुडग़ांव, 6 जुलाई (अशोक): मानसून आने से पहले ही सीवरों का हाल-बेहाल हो गया है। नगर निगम सीवर, नालों, ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का जहां वायदा करता रहता है, वहीं शांति नगर मस्जिद वाली गली के निकट गत करीब 8 दिनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या से क्षेत्रवासी जूझ रहे रहे हैं। सीवर का गंदा पानी सडक़ पर बहता रहता है।

क्षेत्रवासी हेमंत रावत, अरुण दत्ता, कमांडेंट वीएस यादव, दौलत राठौड, मोहम्मद इलियास खान ने बताया कि सीवर की सफाई न होने से पिछले करीब 8 दिनों से यह समस्या जारी है। क्षेत्रवासियों का इस गंदे पानी के कारण निकलना मुश्किल हो गया है। सीवर का ढक्कन भी सीवर में धंसा हुआ है, जिसके कारण कोई दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। बच्चे, वृद्धजन, महिलाओं आदि को इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। घरों के बाहर सीवर का गंदा पानी जमा होने से न केवल दुर्गंध फैली हुई है बल्कि बीमारियों का भी अंदेशा है। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।

हालांकि नगर निगम द्वारा दिए गए टोलफ्री नंबर पर संपर्क किया जाता है तो कोई संतुष्टिपूर्वक जबाव नहीं मिलता। इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है। उन्होंने नगर निगम कमिश्रनर मुकेश कुमार आहूजा से आग्रह किया है कि मानसून पूर्व शांति नगर क्षेत्र के सीवरों की सफाई कराई जाए, ताकि लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना न करना पड़े।