रसोई का बजट बिगाड़ने का लगाया आरोप,  टोल पर उमड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं
मंगलवार को होगा भाजपा और जजपा विधायकों का घेराव

चरखी दादरी जयवीर फोगाट

 संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कितलाना टोल पर महिला किसान दिवस पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। धरने की कमान आज पूरी तरह से महिलाओं के हाथ मे रही।  अध्यक्ष मंडल, मंच संचालन से लेकर वक्ता भी महिलाएं ही रही। कई महिला खुद ट्रैक्टर चला कर महिलाओं के जत्थे को लेकर पहुंची। जनवादी महिला समिति की महिला टीम भी नारेबाजी लगाते हुए धरने में शामिल हुई। कई महिलाएं दामन पहने भी नजर आई।                 

महिला वक्ताओं ने कहा कि किसान आंदोलन में महिलाएं किसी तरह भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चाहे भारत बंद रहा हो, रेल रोको अभियान हो या किसान परेड हो महिलाओं ने संयुक्त किसान मोर्चा के निर्धारित कार्यक्रमों में डटकर साथ दिया है। उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि महिलाएं हर मोर्चे पर किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर साथ देंगी। उन्होंने कहा कि ये हमारे बच्चों के भविष्य की लड़ाई है और जब तक तीनों काले कानून वापिस नहीं होते। हम मुड़कर नहीं देखेंगी और जीतकर ही घर वापसी करेंगे।               

कितलाना टोल पर महिला किसान दिवस की निर्मला देवी, मुकेश पहाड़ी, सीमा राणा, प्रेम नीमड़ीवाली, कृष्णा छपार, सत्यवंती कमोद, बिमला घणघस, सुशीला, गीता, रेणु बलियाली, मूर्ति मिताथल, शीला वर्मा, बबली शर्मा, सुशीला सरोहा ने संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि तीन महीने में गैस का सिलेंडर 225 रुपए बढ़ाकर सरकार ने गृहणियों के रसोई का बजट बिगाड़ कर रख दिया है।                

 धरने का मंच संचालन संतोष देशवाल और कृष्णा छपार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कमलेश भैरवी, कृष्णा सिवाच, किताब कौर, शीला बलियाली, बीरमति डोहकी, रतन्नी देवी, भतेरी, बिमला, गुड्डी देवी, सुनीता, कमला, सुमित्रा इत्यादि मौजूद थी।

मंगलवार को होगा भाजपा और जजपा विधायकों का घेराव- संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को भाजपा और जजपा के विधायकों के आवास या कार्यालय के घेराव का ऐलान विभिन्न खाप, सामाजिक, किसान और कर्मचारी संगठनों की टोल पर हुई अहम बैठक के बाद लिया गया। इसी कड़ी में सब संगठन बाढड़ा की जजपा विधायक नैना चौटाला के कार्यालय के घेराव के लिए सुबह 10 बजे चरखी दादरी के मेजबान चौक के पास एकत्रित होंगे।

भिवानी में सुबह 10 बजे पुराने बस स्टैंड के पास ठाकुर बीर सिंह पार्क में इक्कठे होंगे और भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ को ज्ञापन देंगे। मंगलवार को ही कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल के लोहारू कार्यालय को घेरा जाएगा। इन सबको ज्ञापन देकर आग्रह किया जाएगा कि 10 मार्च को हरियाणा विधानसभा में सरकार के खिलाफ पेश होने वाले अविश्वास प्रस्ताव में सरकार के विरुद्ध वोट डाल किसानों के आंदोलन को मजबूती देने का काम करें।