पूरे देश में 15 जनवरी से 27 फरवरी तक निधि समर्पण अभियान. 10 जनवरी को अभियान के लिए टोलियों का गठन किया जाएगा

फतह सिंह उजाला

पटौदी। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बने इसके लिए जिले के तीन लाख परिवारों से संपर्क किया जाएगा। संपर्क अभियान की तैयारी को लेकर 10 जनवरी को गुरुद्वारा रोड स्थित  एसएन सिद्धेश्वर मंदिर स्कूल में बैठक की जाएगी। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबंधित सभी संगठनों के पदाधिकारी व प्रमुख कार्यकर्ता भाग लेंगे। यह जानकारी सरपंच एकता मंच के जिलाध्यक्ष एवं विश्व हिंदू परिषद गुरुग्राम के जिला प्रमुख अजित सिंह के द्वारा दी गई है।

उन्होंने कहा कि, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर अयोध्या में उनकी जन्मभूमि पर बने, इसके लिए विश्व हिदू परिषद (विहिप) ने पूरे देश में 15 जनवरी से 27 फरवरी तक निधि समर्पण (धन संग्रह) अभियान चलाने का संकल्प लिया है। हरियाणा में यह अभियान एक से 27 फरवरी तक चलेगा। गुरुग्राम में अभियान के प्रमुख की जिम्मेदारी विहिप के जिलाध्यक्ष व सरपंच एकता मंच के अध्यक्ष अजीत सिंह को सौंपी गई है। 10 जनवरी को अभियान के लिए टोलियों का गठन किया जाएगा। लगभग 750 टोलियां बनाई जाएंगी। प्रत्येक टोली में चार से पांच सदस्य होंगे। प्रत्येक टोली प्रतिदिन 20 से 25 परिवारों से संपर्क करने का प्रयास करेगी। सभी धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

अजित सिंह ने बताया कि महिला कीर्तन एवं भजन मंडलियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रयास होगा कि जिले में एक से 27 फरवरी तक पूरा माहौल राममय हो जाए। विद्यार्थी, डाक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर आदि सभी वर्ग के लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। किसान हों या फिर श्रमिक हर वर्ग के लोग टोलियों में शामिल होंगे। यही नहीं सभी जाति के लोग अभियान में भूमिका निभाएंगे। निधि समर्पण अभियान को लेकर अभी से ही जिले में माहौल बनना शुरू हो गया है। लोग पूछने लगे हैं कि अभियान कब से शुरू होगा। इससे लगता है कि भगवान श्रीराम के प्रति लोगों में कितनी आस्था है। 10 जनवरी को बैठक में अभियान की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली जाएगी। इसके बाद से जिले को राममय बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया जाएगा।

error: Content is protected !!