इलाके के विकास और उज्जवल भविष्य के लिए निगम में भ्रष्टाचार से निजात पाना चाहती है सोनीपत की जनता-दीपेन्द्र हुड्डा
• कई जनसभाओं को किया संबोधित, भारी मतों से जीत का किया दावा
• सोनीपत प्रशासन बीजेपी के वर्कर की तरह काम कर रहा
• सरकार का दो सूत्रीय एजेंडा है भ्रष्टाचार और अत्याचार
• जेजेपी ने अपने ही मतदाताओं से किया विश्वासघात

सोनीपत, 25 दिसंबर। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज नगर निगम चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया और कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी निखिल मदान और वार्ड प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर लोगों से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। दीपेन्द्र हुड्डा ने ओल्ड रोहतक रोड स्थित जोगी धर्मशाला में पिछड़ा सम्मलेन के अलावा गाँव कालूपुर, गढ़ी ब्राह्मणान रोड, एल्डिको, मोहन नगर, गोकुल नगर आदि जगहों पर चुनाव प्रचार कर भ्रष्टाचार और सोनीपत की दुर्दशा पर ब्रेक लगाने के लिए नौजवान टीम को मौका देने की अपील की। जनसभाओं में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित दीपेन्द्र हुड्डा ने दावा किया कि शहर में जो माहौल है, उससे तय है कि कांग्रेस के मेयर और पार्षद प्रत्याशी भारी मतों से जीतने जा रहे हैं। अधिकाँश प्रत्याशी युवा हैं और उनका एकमात्र लक्ष्य ईमानदारी के साथ सोनीपत को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने का है। हम सब मिलकर सोनीपत को विश्वस्तरीय विकास की तरफ आगे लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि गत 5 वर्षों में भ्रष्टाचार की गंगोत्री बन गया था सोनीपत का नगर निगम। सोनीपत की जनता निगम में भ्रष्टाचार से निजात पाना चाहती है।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि सरकार काफी समय से निगम चुनावों को इसलिए टालती रही कि उसके घपले-घोटालों का पर्दाफ़ाश न हो जाए। सोनीपत निगम में बड़े पैमाने पर घोटाले, भ्रष्टाचार और शहर की दुर्दशा के अलावा कोई काम नहीं हुआ। यहां एक नहीं डबल-डबल घोटाले हुए। सोनीपत में पहले खजूर के पेड़ लगाने में घोटाला हुआ फिर पेड़ उखाड़ने में घोटाला हुआ। न खजूर मिला, न कहीं खजूर का पेड़ मिला। इतना ही नहीं, कोरोना काल में सैनिटाइजर घोटाला, सफाई व स्ट्रीट लाइट घोटाला, सीसीटीवी कैमरे का घोटाला बड़े स्तर पर अंजाम दिया गया। सोनीपत से कई गुना बड़ी दिल्ली में जितना खर्चा सैनिटेशन का नहीं हुआ होगा उससे ज्यादा खर्च सोनीपत में सैनिटेशन के नाम पर हुआ। पिछले दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा प्रत्याशियों को आगे से भ्रष्टाचार न करने की शपथ दिलाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने सवाल किया कि पिछले 6 साल से नगर निगम में हुए भारी भ्रष्टाचार का हिसाब कौन देगा।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की गठबंधन सरकार का दो सूत्रीय एजेंडा है। पहला सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार और दूसरा, जनता पर अत्याचार। इस सरकार में केवल किसान पर ही अत्याचार नहीं हो रहा, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी हर वर्ग इस सरकार के अत्याचार का शिकार हो रहा है। सरकारी दफ्तरों में परचून की दुकान की तरह हर काम के रेट लगे हुए हैं। उन्होंने जेजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जेजेपी ने अपने ही मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया। जिसका नतीज़ा आज पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है; लोगों में भारी आक्रोश है। यही कारण है कि जेजेपी के नेता अब आम लोगों का सामना करने से भी कतराने लगे हैं। कुर्सी से चिपकी जजपा की सत्तालोलुपता प्रदेशभर में जनता के सामने उजागर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सोनीपत का प्रशासन बीजेपी के वर्कर की तरह काम कर रहा है। हमारे प्रत्याशियों को निशाने पर लिया जा रहा है। सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि वे मर्यादा में रहें, प्रजातंत्र में सरकार बदलती रहती है।

उन्होंने कहा कि आज लोग भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के समय हुए विकास कार्यों को याद कर रहे हैं। उनकी सरकार के समय यहां रेलवे लाइन, सड़क, हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटीज बनी। लेकिन, सोनीपत में पिछले 6 साल में कोई यूनिवर्सिटी बननी तो दूर की बात है, एक कॉलेज भी नहीं खुला। दुर्भाग्य की बात है कि हरियाणा में गठबंधन सरकार ने साढ़े 6 साल में प्रदेश की दुर्दशा कर दी है। साढ़े 6 साल की सरकार के बाद हरियाणा पूरे देश में बेरोजगारी में नंबर 1 पर है। हरियाणा की अर्थव्यवस्था का भठ्ठा बैठ गया। सरकारी क्षेत्र में रोजगार खत्म कर रहे हैं रेल, एयरपोर्ट सहित हर चीज का निजीकरण किया जा रहा है। मंडियों का निजीकरण किया जा रहा है, जिसके विरोध में किसान आन्दोलन कर रहे हैं। निजीकरण के चलते आने वाले समय में किसान के साथ-साथ गरीब आदमी को भी नुकसान होगा। यह राशन वितरण प्रणाली, मिड-डे मील पर चोट है।

नगर परिषद सोनीपत के पूर्व चेयरमैन सतपाल गोयल ने चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा जी की राजनीति से प्रभावित होकर और उनके नेतृत्व में आस्था व्यक्त कर कल अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ इनेलो का साथ छोड़ दिया। उन्होंने सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी का दामन थमा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, विधायक जगबीर मलिक, नगर निगम चुनाव प्रभारी व विधायक बीबी बत्रा, विधायक सुरेन्द्र पंवार, विधायक जयवीर बाल्मीकि, विधायक शकुन्तला खटक, सुभाष गांगोली, विधायक बलबीर बाल्मीकि, विधायक इंदु राज नरवाल, पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, पूर्व विधायक सुल्तान जडोलॉ, सुखबीर फरमाना, रामनिवास घोडेला, चक्रवर्ती शर्मा, अशोक अरोड़ा, सुरेन्द्र शर्मा, प्रेम अत्री, बिजेंद्र, अशोक सरोहा, प्रशांत शर्मा, संजय बडवासिया, अनमोल राणा, राकेश, सुरेन्द्र, शौर्य, दीवान रामकुमार, सतपाल गोयल, भले राम जांगड़ा, कमल हसीजा, पवन बंसल, ईश्वर इंदौरा, राजकुमार कटारिया, बिजेंद्र आंतिल, रवि इंदौरा, जीता हुड्डा, सुनील कश्यप, मुकेश रावल, नरेश अरोड़ा, रवि परुथी, जितेंद्र जांगड़ा, संजय खत्री, हरेन्द्र सैनी, प्रदीप गुलिया, सुरेन्द्र छिकारा सहित सैंकड़ों स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
*

error: Content is protected !!