गुरुग्राम में हुआ सात जिलों के भाजपा मंडल अध्यक्षों का प्रशिक्षण वर्ग

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ ने पार्टी के मंडल अध्यक्षों को व्यक्तित्व विकास का मंत्र देते हुए कहा है कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं को भाषण कलां में तो निपुण होना ही चाहिए, लेकिन उससे ज्यादा जरूरी यह है कि उन्हें व्यवहार में अच्छा होना चाहिए।

हरियाणा प्रभारी नियुक्त होने के बाद विनोद तावडे़ गुरुग्राम में पहली बार जीआईए हाऊस में मंडल अध्यक्षों के प्रशिक्षण वर्ग में बोल रहे थे। गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, नूहं, पलवल, महेंद्रगढ़ एवं रेवाड़ी जिलों के इस प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव ने प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी और जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़ की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित करके की। इसमें सभी सातों जिलों के जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष शामिल हुए।

प्रशिक्षण में “व्यक्तित्व विकास विकल्प” विषय पर बोलते हुए तावडे़ ने कहा कि बोली हुई बात पर कई बार लोग ध्यान भले ही ना दें, लेकिन व्यक्ति के व्यवहार पर उनका ध्यान जरूर रहता है, इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं का व्यवहार अच्छा और जनता से मिलनसार होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अच्छे व्यवहार से ही लोग आपसे जुड़ते हैं। प्रदेश प्रभारी ने सभी मंडल अध्यक्षों को कहा कि समय सारणी बनाकर दो माह में एक बार हर बूथ पर जाकर कार्यकर्ताओं से मिलें। एक मंडल में लगभग 50-60 हजार लोगों तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने की जिम्मेदारी मंडल अध्यक्षों की है। उन्होंने कहा कि अपडेट रहने के लिए सभी को ज्यादा से ज्यादा समाचार पत्र तो पढ़ने ही चाहिए, लेकिन उसमें भी संपादकीय पेज महत्वपूर्ण है, इसलिए नीतिगत समझ के लिए संपादकीय पेज पढ़ना शुरू करें। इससे कार्यकर्ताओं की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक समझ बढ़ेगी।

खासकर दायित्ववान कार्यकर्ता अपने नेताओं के ताजा व पुराने भाषण जरूर सुने। इससे भाषण कला सीखने को तो मिलती ही है, साथ ही देश उन्नति के लिए बनाए गए कानूनों और नीतियों की समझ बढ़ती है। इससे हम जनता में जाकर सभी विषयों को ठीक से रख सकते हैं। तावडे़ ने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटाने, किसान अध्यादेशों पर हुए अपने नेताओं के भाषण सुनें और सही बात जनता तक पहुंचाएं। जिलाध्यक्षों से अपील करते हुए प्रदेश प्रभारी ने कहा कि अपने नेताओं के यू ट्यूब पर मौजूद भाषणों के वीडियो समय-समय पर मंडल अध्यक्षों को जरूर भेजें। सभी पार्टी पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि पोस्टर बैनर लगाना गलत नहीं, लेकिन अगर पोस्टर पर सरकारी योजनाओं का भी जिक्र किया जाए तो जनता को योजनाओं का पता चलता है।

इससे पहले अन्त्योदय विषय पर बोलते हुए प्रदेश की सह प्रभारी अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मंडल अध्यक्षों को अपने स्तर पर सोचना है कि गरीबी की लाईन में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति तक भी सरकारी सुविधा कैसे पहुँचे। लाॅकडाउन में मोदी जी ने 80 करोड़ लोगों को भोजन उपलब्ध कराया तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी बाहर निकलकर गरीबों की सहायता की। इस भावना को बनाए रखकर ही भविष्य में भी कार्य करना है।

इस मौके पर महामंत्री संदीप जोशी, चेयरमैन अरविंद यादव, गुरुग्राम जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, फरीदाबाद जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, नारनौल जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, रेवाड़ी के जिलाध्यक्ष हुकुम चंद, नूहं के पटेल, पलवल के तेवतिया और झज्जर के जिलाध्यक्ष विक्रम कादियान सहित शैलेंद्र पांडे, मनोज शर्मा, अरविंद सैनी,साहिल मनोचा, अनिल गंडास, हनीष बजाज व सचिन दहिया, महेश यादव, सुंदरी खत्री, राजेश अरोड़ा एवं हंसराज कसाना, साहिल मनोचा और सूरज ओझा, सचिन दहिया, रोबिन राव, यादव, विजय परमार, मनीष गाडोली, पवन जांघू, अजित यादव, ज्योति डैमबला आदि अनेक मौजूद रहे।

-सुधा ने कार्य पद्धति रखी तो ढांडा ने बताया पार्टी का इतिहास, तो अभिमन्यु ने रखा विचार परिवार पर विचार

भाजपा मंडल अध्यक्षों के प्रशिक्षण वर्ग में पहला सत्र पूर्व सांसद सुधा यादव ने लिया। उन्होंने पार्टी की कार्य पद्धति पर बोलते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सदा राष्ट्र प्रथम रहा है। इसके बाद पार्टी और इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता खुद को रखता है। पार्टी के कार्यकर्ता राजनीति जन सेवा और राष्ट्र सेवा के लिए ही करते हैं। हर कार्यकर्ता में यह भावना सदा बनी रहनी चाहिए। इसके बाद पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने विचार परिवार के संगठनों के बारे में बताया कि आरएसएस जैसे संगठनों ने कैसे देशभक्ति की भावना स्वयंसेवकों में भरते हुए देश को मजबूत किया और भाजपा पार्टी को भी जनसेवा करने का मजबूत आधार दिया। विधायक महिपाल ढांडा ने भाजपा के निर्माण से लेकर वर्तमान तक के सफर के बारे में बताया और इसी पद्धति को आगे बढ़ाने की अपील मंडल अध्यक्षों से की। अंतिम सत्र में सामयिक विषयों पर चेयरमैन डाक्टर अरविंद यादव ने चर्चा की।

अमरेंद्र सिंह और केजरीवाल पर भी तंज कसना नहीं चूके तावडे़

भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ ने मंडल अध्यक्षों के प्रशिक्षण वर्ग में मंडल अध्यक्षों को व्यक्तित्व विकास के गुर सिखाते-सिखाते किसान आंदोलन को हवा देने वाले पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कस दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि साधारण न्यूज पढ़ने से अपडेट रहते हैं, लेकिन संपादकीय पढ़ने से पता चलता है कि अमरेंद्र सिंह ने किसानों को पंजाब से भेजा और उनके खाने पीने का प्रबंध दिल्ली में केजरीवाल कर रहे हैं तो राजनीतिक फायदा किसे होगा? उन्होंने कहा कि किसानों के फायदे के लिए केंद्र सरकार ने अच्छे कानून बनाएं हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को इन्हें किसानों को अच्छे से समझना है ताकि वो अन्य पार्टियों के बहकावे में ना आए।

लव जिहाद पर तावडे़ ने कहा कि हरियाणा की बेटी निकिता तोमर की हत्या से लव जिहाद का मामला प्रखरता से उठा है। कार्यकर्ताओं को जनता में जाकर लव जिहाद जैसे मामलों के बारे में बताकर सजग करना चाहिए।

-40 साल पुराने साधारण कार्यकर्ता के घर किया भोजन

प्रदेश भाजपा प्रभारी विनोद तावडे़ ने पहले गुरुग्राम प्रवास के दौरान 40 साल पुराने कार्यकर्ता यादराम जोया के घर पर दोपहर का भोजन किया। यादराम जोया भाजपा में जुड़ने के बाद कई आंदोलनों से जुड़े और कई बार जेल भी गए। प्रदेश प्रभारी को अनेक स्थानीय नेताओं के यहां से भोजन का निवेदन किया गया था, लेकिन उन्होंने पुराने एससी समाज से जुड़े कार्यकर्ता के घर पहुंचकर भोजन किया। तावडे़ यादराम जोया परिवार द्वारा किए गए स्वागत से बहुत प्रभावित हुए तो यादराम जोया और उनका परिवार भी इतने बड़े नेता के घर पहुंचने से गदगद दिखे।