– राज्यसभा सांसद लेफ्टिनेंट जनरल डीपी वत्स थे मुख्य अतिथि। – युवा नशे की प्रवृत्ति से दूर रहते हुए अपना स्वास्थ्य ठीक रखें और देश व प्रदेश की उन्नति में सहयोग दें- राज्यसभा सांसद जनरल डीपी वत्स।  – हरियाणा के खिलाड़ियों, जवानों और किसानों ने बनाई पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान।  – खिलाड़ियों को देश की एकता और अखंडता की दिलाई शपथ। 

गुरुग्राम 1 नवंबर । हरियाणा का 55 वा स्थापना दिवस गुरुग्राम जिला में धूमधाम से मनाया गया और विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को भारतवर्ष और हरियाणा के इतिहास के प्रसंग बताकर संदेश दिया गया कि युवा नशे की बुराई से दूर रहें और स्वस्थ रहते हुए देश व प्रदेश की उन्नति में अपना योगदान देते रहे। यह संदेश राज्यसभा सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डीपी वत्स ने गुरुग्राम के सेक्टर 38 स्थित जीएमडीए कांप्लेक्स ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए दिया

उन्होंने हरियाणा के वीर सैनिकों तथा खिलाड़ियों के उदाहरण देते हुए कहा कि युवाओं को ध्यान रखना है कि वे स्वयं नशे की प्रवृत्ति से दूर रहें तथा अपने साथियों को भी नशे से दूर रखें। पढ़ लिख कर अच्छे नागरिक बने, स्वस्थ रहें और देश व प्रदेश की उन्नति में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि हालांकि प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या है परंतु उससे भी बड़ी समस्या नशे की है। जनरल वत्स ने कहा कि हरियाणा में आर्य समाज का प्रभाव कम होने की वजह से युवाओं में नशे की बुराई आ सकती है। इस बुराई से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कोरोना महामारी का भी उल्लेख किया और कहा कि इस पर विजय पाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिदायतो पर अमल जारी रखें, घर से बाहर निकलते समय मांस अवश्य लगाएं और एक दूसरे के बीच उचित दूरी रखें। साथ ही जनरल वत्स ने विश्वास जताया कि हरियाणा के युवा जागरूक हैं और वे नशे पत्ते की बुराई से दूर रहते हुए कोरोना पर भी विजय हासिल करेंगे।

हरियाणा की समृद्ध संस्कृति और इतिहास  के बारे में युवाओं को  जानकारी देते हुए जनरल वत्स ने बताया कि भले ही हरियाणा प्रदेश का गठन 1 नवंबर 1966 को हुआ हो लेकिन हरियाणा का इतिहास प्राचीन काल से मौजूद है। आर्यव्रत का इतिहास और भारतवर्ष का इतिहास ही हरियाणा का इतिहास है क्योंकि इस धरा पर भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से संपूर्ण मानवता को गीता का संदेश दिया। यहीं पर गुरुग्राम में महाभारत काल के दौरान गुरु द्रोणाचार्य ने कौरवों और पांडवों को शिक्षा दीक्षा दी। फिर महाभारत का युद्ध भी यही हुआ। इसके बाद भी पानीपत की तीनों लड़ाइयां हरियाणा की धरती पर हुई जिन्होंने भारतवर्ष का भविष्य तय किया।

जनरल वत्स ने कहा कि हरियाणा प्रदेश का इतिहास गौरवशाली है और हरियाणा के लोगों की तथा यहाँ की संस्कृति की पहचान प्राचीन काल से है। इतिहास और वेद पुराणों में  हरि की भूमि और हरे भरे प्रदेश का जिक्र है।

 खिलाड़ियों, सैनिकों और किसानों का जिक्र करते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि चाहे  अंतरराष्ट्रीय स्तर पर या विश्व स्तर पर हो, हर स्तर पर हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। ओलंपिक खेलों और एशियाई खेलों में सबसे अधिक मेडल लाने वाले हरियाणा के खिलाड़ी रहे हैं, चाहे वे साक्षी मलिक, बबीता फोगाट, विनेश फोगाट, योगेश्वर दत्त, बॉक्सर विजेंदर सिंह हो या पैरालंपिक की मेडलिस्ट दीपा मलिक हो, सभी ने प्रदेश का परचम विदेशों में लहराया, जिन पर आज पूरा प्रदेश गर्व कर रहा है।

इसी प्रकार, देश की सीमा पर रक्षा करने वाले सैनिकों में हरियाणा के सैनिकों की संख्या सबसे अधिक है। उन्होंने आजादी की लड़ाई से लेकर बाद में पाकिस्तान और चीन के साथ हुए युद्धों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में हमारे देश से विभिन्न देशों में खाद्य सामग्री भेजी जाती है, इसका श्रेय देश के अन्नदाता किसान को जाता है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा हर क्षेत्र में आज अपना कीर्तिमान स्थापित कर चुका है। 

जनरल वत्स ने आज सभी खिलाड़ियों और युवाओं को देश की ऐकता और अखण्डता की शपथ दिलाते हुए कहा कि भारत का नागरिक होने के नाते देश की एकता, अखंडता व सुरक्षा बनाए रखना हम सब का परम कर्तव्य है।

 उन्होंने आज आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उनके सामने लड़कों और लड़कियों की 100 मीटर , 200 मीटर तथा 400 मीटर दौड़ आयोजित करवाई गई थी। इनके  परिणाम इस प्रकार रहे-

– 100 मीटर दौड़ व 200 मीटर दौड़ में कुमकुम रही अव्वल , लडको में अक्षय और प्रियांक रहे अव्वल ।

 ताऊ देवी लाल स्टेडियम में 55वे हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में लडको की 100 मीटर दौड़ में अक्षय प्रथम स्थान पर रहे और लड़कियां की 100 मीटर दौड़ में कुमकुम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लडको की 100 मीटर दौड़ में अभिषेक द्वितीय स्थान पर रहे जबकि निर्भय ने तृतीय स्थान हासिल किया।

 इसी प्रकार, लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में रिया शर्मा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया ,ओशो ने तीसरे स्थान पर रही। लडको की 200 मीटर दौड़ में धीरज द्वितीय स्थान पर रहे तथा शिवम ने तृतीय प्राप्त किया। लड़कियों की 200 मीटर दौड़ में सुमन द्वितीय और पायल तृतीय स्थान पर रही।

इस अवसर पर गुरुग्राम की मेयर मधु आजाद, उपायुक्त अमित खत्री, अतिरिक्त उपायुक्त प्रशांत पवार, ताऊ देवीलाल स्टेडियम के प्रबंधक सुखबीर सिंह, जिला खेल अधिकारी जे जी बनर्जी तथा खेल प्रशिक्षक उपस्थित थे।

error: Content is protected !!