जीएमडीए के वन मैप पोर्टल और हारसैक के डिजिटल प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली जानी, भूमि प्रबंधन से लेकर सड़क निगरानी तक तकनीक के इस्तेमाल को सराहा

गुरुग्राम, 26 नवंबर। गुरुग्राम में शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं के प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को समझने के लिए श्रीलंका के 40 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित शहरी नियोजन, भूमि प्रबंधन और आधारभूत ढांचे की निगरानी के लिए अपनाई जा रही डिजिटल व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
श्रीलंका का यह प्रतिनिधिमंडल नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (एनएसजीजी), मसूरी की ओर से आयोजित भूमि प्रबंधन संबंधी 21वें क्षमता निर्माण कार्यक्रम में हिस्सा लेने भारत आया हुआ है। जीएमडीए में प्रतिनिधिमंडल को प्राधिकरण के जीआईएस डिवीजन की कार्यप्रणाली और तकनीकी नवाचारों से अवगत कराया गया।
हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (हारसैक) के निदेशक एवं जीएमडीए के जीआईएस डिवीजन के प्रमुख डॉ. सुल्तान सिंह ने श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल को बताया कि किस प्रकार जीआईएस तकनीक के माध्यम से विभिन्न विभागों के भूमि रिकॉर्ड और आधारभूत ढांचे से जुड़ी जानकारियों को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर जीएमडीए के वन मैप पोर्टल की कार्यप्रणाली का विशेष रूप से प्रदर्शन किया गया। इस पोर्टल पर भूमि की मलकीयत, सड़कें, फ्लाईओवर, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, ड्रेनेज नेटवर्क, यूटिलिटी सेवाएं, फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट सहित विभिन्न सुविधाओं का भौगोलिक डाटा उपलब्ध है। इसके माध्यम से घरों की मैपिंग, सड़क निगरानी, यातायात आकलन और आधारभूत ढांचे की योजना बनाने में भी मदद मिलती है।

डॉ. सुल्तान सिंह ने बताया कि जीआईएस के माध्यम से विभिन्न विभागों का डाटा एक मंच पर उपलब्ध होने से शहरी नियोजन में पारंपरिक तरीकों के बजाय डाटा आधारित निर्णय लेना आसान हुआ है। इससे विकास कार्यों की निगरानी, आधारभूत ढांचे की कमियों की पहचान और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि सैटेलाइट इमेजरी के जरिए भूमि उपयोग में बदलाव और नए निर्माण की पहचान करने के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (ए कयु आई), मिट्टी की स्थिति और मौसम संबंधी जानकारियों की निगरानी भी की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल को हारसैक की ओर से विकसित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी भी दी गई। इनमें म्हारी सड़क, व्हीकल लाइव ट्रैकिंग, वन मैप जल पोर्टल, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा, जी-फसल डैशबोर्ड, स्मार्ट पुलिसिंग पोर्टल, एयर पॉल्यूशन मॉनिटरिंग और बिल्डअप पोर्टल शामिल हैं। इन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भूमि प्रबंधन, कृषि, परिवहन, जल संसाधन और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में तकनीक आधारित निगरानी की जा रही है।
म्हारी सड़क ऐप के माध्यम से सड़क संबंधी शिकायतों की लोकेशन ट्रैक कर उनका समाधान करने की व्यवस्था को भी श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष प्रदर्शित किया गया। इस ऐप की मदद से शिकायत वाले स्थान की पहचान कर संबंधित अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाई जाती है, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल में के.पी.एन.एस. विजेथुंगे, डी.एम.एस. दिसानायके, ई.एम.जी.जी. महानामा और डब्ल्यू.ए.एस.सी.जी. जांजा सहित विभिन्न क्षेत्रों के डिविजनल सचिव शामिल रहे। इनके अलावा पी. पिराभाकर, वरिष्ठ उप रजिस्ट्रार जनरल, आई.बी. गुणावर्धना, अतिरिक्त भूमि आयुक्त जनरल तथा भूमि आयुक्त जनरल विभाग और सर्वे विभाग के अधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।
प्रतिनिधिमंडल के अधिकारियों ने जीएमडीए और हारसैक की जीआईएस आधारित पहलों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से भूमि प्रबंधन, आधारभूत ढांचे की निगरानी, विभागीय समन्वय और नागरिक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन में इन डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता को महत्वपूर्ण बताया।







