विश्वस्तरीय गुणवत्ता से भारत को मिल रही है वैश्विक औद्योगिक पहचान : विनोद बापना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुणवत्ता ही भारतीय उद्योगों की वैश्विक पहचान बने – विनोद बापना।

गुरुग्राम, (जतिन राजा)। भारतीय उद्योगों ने गुणवत्ता, तकनीकी नवाचार और उत्कृष्ट विनिर्माण के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करते हुए वैश्विक स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले उत्पादों, आधुनिक तकनीक और निरंतर सुधार की संस्कृति के दम पर भारतीय विनिर्माण क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान और ‘शून्य दोष, शून्य प्रभाव’ की परिकल्पना ने भी भारतीय उद्योगों को गुणवत्ता एवं उत्कृष्टता की दिशा में नई ऊर्जा प्रदान की है। भारतीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता देश की औद्योगिक क्षमता और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह विचार भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) हरियाणा परिषद के वरिष्ठ सदस्य व कैपरो मारुति के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनोद बापना ने शुक्रवार को गुरुग्राम में आयोजित सीआईआई हरियाणा की 39वीं गुणवत्ता मंडल प्रारंभिक प्रतियोगिता 2026-27 समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

बापना ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक वैश्विक माहौल में गुणवत्ता केवल उत्पादन की आवश्यकता नहीं, बल्कि उद्योगों की सफलता और पहचान का आधार है। भारतीय विनिर्माण इकाइयों को गुणवत्ता के ऐसे मानक स्थापित करने चाहिए, जिनसे देश के उत्पादों की विदेशों में भी मांग और प्रतिष्ठा बढ़े तथा निर्यात के क्षेत्र में भारत नई ऊंचाइयां हासिल करे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करना समय की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि भारतीय उद्योग परिसंघ वर्ष 1988 से गुणवत्ता मंडल अभियान के माध्यम से औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारियों को गुणवत्ता सुधार की गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रहा है। यह अभियान आज राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत मंच बन चुका है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के प्रयासों, मेहनत और समर्पण की सराहना की।

इस प्रतियोगिता में मारुति सुजुकी, हीरो मोटोकॉर्प, होंडा मोटरसाइकिल, कैपरो, सुब्रोस, सोना कॉमस्टार, यूनो मिंडा, एसकेएच, गोदरेज, डाइकिन, एनटीएफ सहित क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख विनिर्माण इकाइयों की 23 गुणवत्ता मंडल टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्य प्रवीण के. पसरीचा, निदेशक, क्वालिटी ग्रोथ सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड तथा सुशील शर्मा, निदेशक, ईजिफाईबिज एलएलपी भी मौजूद रहे। दोनों निर्णायकों ने प्रतिभागी टीमों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया और प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए।

कार्यक्रम में भारतीय उद्योग परिसंघ गुरुग्राम जोन की तरफ से रत्नाकर पांडे भी उपस्थित रहे। अंत में विनोद बापना ने प्रतियोगिता के विजेताओं को बधाई दी और आगामी क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय उद्योगों में गुणवत्ता और उत्कृष्टता की संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें