पंजाब में नशा खत्म करने की घोषणाओं से पहले हरियाणा में नशे और बेरोजगारी पर ध्यान दे भाजपा सरकार : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा में नशामुक्ति केंद्रों की व्यवस्था सुधारने, युवाओं को रोजगार देने और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़/सिरसा, 21 नवंबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य कुमारी सैलजा ने पंजाब में नशे की समस्या समाप्त करने संबंधी भाजपा नेताओं की घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को पहले हरियाणा में नशे और बेरोजगारी की गंभीर समस्या के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। प्रदेश में लगभग 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन नशे की बढ़ती चुनौती को लेकर सरकार की नीतियों और उनके क्रियान्वयन की गंभीर समीक्षा आवश्यक है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रकाशित सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक हरियाणा में लगभग 1.57 लाख लोग नशामुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए पहुंच चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या युवाओं की है। सिरसा जिले से सर्वाधिक मरीजों का उपचार के लिए पहुंचना विशेष चिंता का विषय है। ये आंकड़े बताते हैं कि नशे की समस्या से निपटने के लिए व्यापक और निरंतर प्रयास जरूरी हैं।

सांसद ने सवाल उठाया कि सरकार बताए कि प्रदेश में कितने सरकारी नशामुक्ति केंद्र कार्यरत हैं, उनमें कितने प्रशिक्षित चिकित्सक, मनोचिकित्सक और काउंसलर उपलब्ध हैं तथा उपचार के बाद मरीजों के पुनर्वास की क्या व्यवस्था है। नशामुक्ति केंद्रों में पहुंचने वाले प्रत्येक जरूरतमंद को गुणवत्तापूर्ण उपचार और नियमित परामर्श मिलना चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि बेरोजगारी, नशे और अपराध के बीच संभावित संबंधों को भी गंभीरता से समझने की आवश्यकता है। युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास, खेल सुविधाओं और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होना चाहिए। नशे की तस्करी तथा इससे जुड़े अपराधों पर कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ रोकथाम और पुनर्वास पर भी समान ध्यान दिया जाए।

सांसद ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई किसी एक राज्य या राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। पंजाब में नशा समाप्त करने की बात करना स्वागतयोग्य है, लेकिन हरियाणा सरकार को भी अपनी उपलब्धियों, कमियों और भविष्य की कार्ययोजना का स्पष्ट विवरण जनता के सामने रखना चाहिए।

कुमारी सैलजा ने मांग की कि हरियाणा सरकार नशामुक्ति और रोजगार सृजन के लिए समयबद्ध कार्ययोजना घोषित करे तथा सिरसा सहित प्रभावित जिलों में उपचार और पुनर्वास सुविधाओं को प्राथमिकता दे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें