आईटीआई औद्योगिक विकास की पौधशाला: आर एल शर्मा
लगभग 50 विद्यार्थिआयों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र, अतिथियों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की

गुरुग्राम, 21 नवंबर- आज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम (आईटीआई) में कन्वोकेशन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडवोकेट आर.एल. शर्मा, डायरेक्टर जनरल, प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (PFTI) एवं अध्यक्ष, लेबर लॉ एडवाइजर्स एसोसिएशन, गुरुग्राम उपस्थित रहे। उनके साथ पीएफटीआई के डायरेक्टर डॉ. अंशुल ढींगरा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य रविंद्र कुमार द्वारा की गई।
समारोह के दौरान लगभग 50 विद्यार्थियों को आईटीआई का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पीएफटीआई के महानिदेशक एडवोकेट आर.एल. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आईटीआई, औद्योगिक विकास की पौधशाला है। औद्योगिक विकास को गति देने में आईटीआई संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा कुशल कारीगर एवं तकनीकी विशेषज्ञ बन सकते हैं और अपने लिए रोजगार के बेहतर साधन विकसित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई का प्रशिक्षण युवाओं को नौकरी प्राप्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज उद्योगों को प्रशिक्षित एवं कुशल युवाओं की आवश्यकता है। इसलिए युवाओं को अपने हुनर और तकनीकी ज्ञान को मजबूत बनाकर देश की औद्योगिक प्रगति तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
पीएफटीआई के डायरेक्टर डॉ. अंशुल ढींगरा ने कहा कि युवाओं को सही दिशा, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। आईटीआई के माध्यम से प्राप्त तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल को निरंतर विकसित करने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करने का आह्वान किया।
संस्थान के प्राचार्य रविंद्र कुमार ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार के योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रमाण-पत्र प्राप्त करना विद्यार्थियों की नई यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सफलता और आत्मनिर्भर जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।









