राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 नवंबर की गई
गुरुग्राम, 3 नवंबर- हरियाणा में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र आवेदक अब 16 नवंबर 2026 तक वेबसाइट onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में दिए जाने वाले प्रमुख पुरस्कारों में 5 लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल के साथ ‘श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार’, 1.50 लाख रुपये की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र के साथ ‘इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार’, 1 लाख रुपये की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र के साथ ‘कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार’ तथा 1 लाख रुपये की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र के साथ ‘बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार’ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं महिला उद्यमी श्रेणियों में चयनित विजेताओं को 21 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान किए जाएंगे।
डीसी ने बताया कि जिला स्तर पर प्राप्त सभी आवेदनों की जांच जिला स्तरीय अनुशंसा समिति द्वारा की जाएगी। समिति द्वारा अनुशंसित पात्र मामलों का आवश्यक सत्यापन एवं पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के उपरांत निर्धारित समय-सीमा के भीतर मुख्यालय भेजा जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पात्र महिलाओं एवं संबंधित श्रेणियों के योग्य व्यक्तियों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाएं तथा उन्हें 16 नवंबर तक आवेदन करने के लिए प्रेरित करें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।









