अमित शाह की करनाल पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने संभाला मोर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

5 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अगुवाई में निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा

: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने करनाल में प्रदेशभर के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की

: करनाल विधायक जगमोहन आनंद होंगे पदयात्रा के संयोजक, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा और सत्यप्रकाश जरावता सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने की तैयारियों पर चर्चा

: पार्टी कार्यालय में संगठनात्मक बैठक के बाद सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की

: 5 नवंबर को करनाल में होगा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का भव्य समापन : डॉ. अर्चना गुप्ता

करनाल, 2 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के 5 नवंबर को करनाल आगमन और ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के समापन अवसर पर आयोजित होने वाली पदयात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सोमवार को करनाल पहुंचीं। उन्होंने प्रदेशभर के प्रमुख पदाधिकारियों को करनाल बुलाकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इसके बाद सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय कर्ण कमल में आयोजित प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रदेश महामंत्री श्री गोपाल शर्मा, श्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अशोक गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जवाहर सैनी, श्री लक्ष्मण यादव, श्रीमती रेनू बाला गुप्ता तथा करनाल विधायक श्री जगमोहन आनंद सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में आयोजित होने वाली पदयात्रा की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। करनाल विधायक श्री जगमोहन आनंद इस पदयात्रा के संयोजक रहेंगे।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बैठक में कहा कि 5 नवंबर का कार्यक्रम केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि प्रदेशभर में चलाए गए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का महत्वपूर्ण समापन कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के आगमन को लेकर पार्टी संगठन के सभी स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण पहलू की समीक्षा की। बैठक में पदयात्रा के निर्धारित मार्ग, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, स्वागत व्यवस्थाओं, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों तथा संगठनात्मक समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाने और निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करने को कहा।

पार्टी कार्यालय में बैठक के बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचीं प्रदेशाध्यक्ष

संगठनात्मक बैठक के उपरांत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। यहां उन्होंने मंच एवं कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन, सुरक्षा प्रबंधों, यातायात संचालन, पार्किंग, पदयात्रा मार्ग तथा कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने सेक्टर-12 से महात्मा गांधी चौक तक प्रस्तावित पदयात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। डॉ. गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए भी समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जा सकें।

प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टी संगठन और जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहने दी जाए।

अमित शाह के नेतृत्व में होगा अभियान का समापन

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से 22 अक्टूबर से प्रदेशभर में चलाया जा रहा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान 5 नवंबर को करनाल में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की उपस्थिति में संपन्न होगा। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्राओं, जनसंवाद कार्यक्रमों, पत्रकार वार्ताओं तथा अन्य संगठनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जनविश्वास को मजबूत करने का संदेश दे रही है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि 5 नवंबर को प्रातः 10 बजे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में करनाल के सेक्टर-12 से महात्मा गांधी चौक तक आयोजित होने वाली पदयात्रा ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के समापन का महत्वपूर्ण अवसर होगा और लोकतंत्र की रक्षा तथा अराजकता के विरुद्ध जनसंकल्प का सशक्त संदेश देगा।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री गोपाल शर्मा, श्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अशोक गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जवाहर सैनी, श्री लक्ष्मण यादव, श्रीमती रेनू बाला गुप्ता, पदयात्रा संयोजक एवं करनाल विधायक श्री जगमोहन आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रवीन लाठर और जिला प्रभारी श्री जवाहर यादव सहित पार्टी के अनेक प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी तथा वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें