बेसहारा गौवंश को सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाने के लिए निरंतर चलेगी मुहिम, बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई – महापौर राजरानी मल्होत्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गौवंश प्रबंधन अभियान में एजेंसी को महापौर टीम, पार्षदों और अधिकारियों का मिलेगा पूरा सहयोग, पर्याप्त पुलिस बल की रहेगी तैनाती

स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 15 दिन में मांगी रिपोर्ट, प्रत्येक वार्ड में इलेक्ट्रिशियन की ड्यूटी लगाने का निर्णय

सड़कों और फुटपाथों से सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाए जाएंगे, विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश

गुरुग्राम, 2 नवंबर। गुरुग्राम शहर को बेसहारा गौवंश से मुक्त बनाने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से महापौर राजरानी मल्होत्रा ने अधिकारियों, पार्षदों और संबंधित एजेंसियों को प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में खुले में घूमने वाले बेसहारा गौवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाए, ताकि सड़कों पर गौवंश के कारण होने वाली समस्याओं से नागरिकों को राहत मिल सके और पशुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।

महापौर सोमवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों, पार्षदों और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रही थीं। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह तथा निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित पार्षद एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।

बेसहारा गौवंश को गौशालाओं में पहुंचाने के लिए एजेंसी को मिलेगा पूरा सहयोग

महापौर ने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि बेसहारा गौवंश को सुरक्षित रूप से पकड़कर गौशालाओं में पहुंचाने का कार्य प्रभावी ढंग से और लगातार किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए महापौर टीम, संबंधित पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों द्वारा एजेंसी को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान टीमों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। यदि कोई व्यक्ति अभियान के संचालन में बाधा डालता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महापौर ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे अपने पालतू पशुओं को सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर खुला न छोड़ें। पशुओं को अपने परिसर में सुरक्षित रूप से बांधकर रखें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और पशुओं एवं आम नागरिकों दोनों की सुरक्षा बनी रहे।

एजेंसियां टेंडर की शर्तों के अनुसार उपलब्ध कराएं संसाधन

महापौर ने संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरएफपी और टेंडर में निर्धारित सभी शर्तों का पालन करना उनकी जिम्मेदारी है। वर्क अलॉटमेंट के अनुसार आवश्यक मैनपावर, वाहन, मशीनरी और अन्य संसाधन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संसाधनों की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को एजेंसियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि निर्धारित संसाधनों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलें।

शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था होगी बेहतर, 15 दिन में मांगी रिपोर्ट

बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि गुरुग्राम की सभी प्रमुख सड़कों, आंतरिक मार्गों और रिहायशी क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए। शहर के किसी भी क्षेत्र में खराब स्ट्रीट लाइट के कारण अंधेरा नहीं रहना चाहिए। इस पर निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधीक्षण अभियंता सचिन यादव को निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के भीतर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायतों और उनके समाधान की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड में इलेक्ट्रिशियन की ड्यूटी निर्धारित की जाएगी और संबंधित इलेक्ट्रिशियन की जानकारी वार्ड पार्षद को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने और वार्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता पर भी रहेगा विशेष ध्यान

शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समय पर शुरू किए जाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा अधिकारी कार्यों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने विशेष रूप से सड़कों और फुटपाथों के बीच आने वाले सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण चाहे किसी भी प्रकार का हो, यहां तक कि धार्मिक अतिक्रमण भी, उसे नियमानुसार हटाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाना, नागरिकों के आवागमन को सुगम करना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

महापौर ने कहा कि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान हो और नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं में लगातार सुधार दिखाई दे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें