सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को करना होगा वर्क फ्रॉम होम
सीएक्यूएम के निर्देशों की अनुपालना में निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने सभी विभागों, निर्माण एजेंसियों एवं संबंधित अधिकारियों को जारी किए निर्देश
निर्माण स्थलों, सड़कों, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, पाइपलाइन और टेलीकम्युनिकेशन कार्यों पर भी लागू रहेंगी पाबंदियां
रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, अस्पताल, जलापूर्ति एवं स्वच्छता तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के तहत छूट
गुरुग्राम, 2 नवंबर। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने आवश्यक कदम उठाए हैं। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने 5 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक धूल पैदा करने वाली तोड़फोड़ एवं बाहरी निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाने तथा सरकारी एवं निजी कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू करने के संबंध में सभी संबंधित विभागों, एजेंसियों और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
निगमायुक्त द्वारा सोमवार को जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि सीएक्यूएम के निर्देशों का सभी संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को सख्ती से पालन करना होगा। इसके लिए अपने अधीनस्थ कार्यालयों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों को तुरंत आवश्यक आदेश जारी करने तथा निर्धारित अवधि के दौरान अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
धूल फैलाने वाली निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर रहेगी रोक
जारी निर्देशों के अनुसार, 5 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक सीएक्यूएम के आदेश के दायरे में आने वाली सभी धूल पैदा करने वाली तोड़फोड़ एवं बाहरी निर्माण गतिविधियां बंद रहेंगी। यह प्रतिबंध केवल सामान्य भवन निर्माण तक सीमित नहीं होगा, बल्कि सार्वजनिक परियोजनाओं पर भी लागू होगा। इसके अंतर्गत हाईवे, सड़कें, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, बिजली ट्रांसमिशन लाइन, पाइपलाइन और दूरसंचार संबंधी कार्य भी शामिल हैं। हालांकि, सीएक्यूएम के आदेश में निर्धारित छूट के अनुसार रेलवे, मेट्रो सेवाओं, एयरपोर्ट, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, अस्पतालों, जलापूर्ति एवं स्वच्छता, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रक्षा से संबंधित गतिविधियों तथा राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के तहत छूट दी गई है।
निगमायुक्त ने सभी कार्यकारी विभागों एवं एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिबंध के दायरे में आने वाले कार्यों की पहचान करें और संबंधित ठेकेदारों एवं फील्ड अधिकारियों को तत्काल काम बंद करने के निर्देश दें। इसके साथ ही नियमित निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिबंधित गतिविधियां किसी भी स्थिति में संचालित न हों। छूट प्राप्त परियोजनाओं को भी सीएक्यूएम द्वारा निर्धारित सभी धूल नियंत्रण उपायों का पालन करना होगा।
सरकारी एवं निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों की रहेगी भौतिक उपस्थिति
वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए जारी निर्देशों के तहत गुरुग्राम जिले के सभी राज्य सरकार के कार्यालयों एवं निजी कार्यालयों में 5 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारियों को ही कार्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित रहकर काम करना होगा। शेष कर्मचारियों को घर से काम करना होगा। हालांकि, ऐसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं आवश्यक सेवाओं को इस व्यवस्था से छूट दी गई है, जहां कार्य की प्रकृति के कारण वर्क फ्रॉम होम लागू करना संभव नहीं है। यह छूट सीएक्यूएम के आदेश के अनुरूप ही मान्य होगी। संबंधित कार्यालयों को पहले से ही कर्मचारियों की उपस्थिति एवं वर्क फ्रॉम होम का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि 5 नवंबर से व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की जा सके।
नोडल अधिकारी नियुक्त कर नियमित निगरानी एवं रिपोर्टिंग के निर्देश
निगमायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें, जो सीएक्यूएम के आदेशों को अपने अधीनस्थ कार्यालयों एवं संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाने तथा उनकी अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होगा।
सभी विभागों को प्रतिबंधित निर्माण कार्यों को बंद कराने, अनुपालना की निगरानी करने तथा वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था के लिए तैयार किए गए रोस्टर की जानकारी सहित एक्शन टेकन रिपोर्ट अतिरिक्त निगमायुक्त (मुख्यालय), नगर निगम गुरुग्राम को प्रतिबंध अवधि शुरू होने से पहले प्रस्तुत करनी होगी।
सभी विभागों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि वायु प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े इन निर्देशों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण गतिविधियों पर रोक, कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था और निर्धारित निगरानी प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएक्यूएम के आदेशों की अनुपालना में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी निर्धारित व्यवस्थाएं समय रहते लागू की जाएं।







