मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की डीसी उत्तम सिंह ने की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अधिकारियों को मतदाता सूचियों की दोबारा जांच एवं क्रॉस चेकिंग के दिए निर्देश

फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के आवेदनों का शीघ्र निपटान करने के निर्देश

गुरुग्राम, 2 नवंबर- डीसी उत्तम सिंह ने जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान तैयार की गई मतदाता सूचियों का बारीकी से सत्यापन किया जाए और क्रॉस चेकिंग के माध्यम से किसी भी संभावित त्रुटि को दूर किया जाए। साथ ही, मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने तथा मतदाताओं के विवरण को सही रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें।

इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा ए. श्रीनिवासन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार नोटिस चरण तथा दावे एवं आपत्तियों के निपटान की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा द्वारा जारी संशोधित समय-सारिणी के अनुसार सभी कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें तथा पुनरीक्षण से जुड़े प्रत्येक चरण की जांच सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

डीसी ने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को एसआईआर के दौरान प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के आवेदनों का भी नियमानुसार शीघ्र निपटान करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने से संबंधित दावों के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन सहित अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है। इन आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें