सीएम विंडो एवं जन संवाद शिकायतों के निपटान में तेजी लाने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों से मांगी ठोस प्रगति

गुरुग्राम, 2 नवंबर 2026। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठकों तथा हरियाणा पावर यूटिलिटीज की चेयरपर्सन आशिमा बराड़ एवं उत्तर एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के स्तर पर हुई बैठकों में सीएम विंडो और जन संवाद शिकायतों के शीघ्र निपटान के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, सभी कार्यकारी अभियंता (ऑपरेशन) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बावजूद शिकायतों के निपटान में अब तक अपेक्षित एवं ठोस प्रगति नहीं होने पर उच्चाधिकारियों ने गंभीर असंतोष व्यक्त किया है।

चेयरपर्सन आशिमा बराड़ ने भी समीक्षा के दौरान शिकायतों के निपटान की प्रगति को बेहद निराशाजनक बताया।

इसी बीच मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आगामी सप्ताह में सीएम विंडो एवं जन संवाद शिकायतों के संबंध में पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। इसे देखते हुए सभी अधीक्षण अभियंताओं (एसई, ऑपरेशन) एवं कार्यकारी अभियंताओं (एक्सईएन, ऑपरेशन) को निर्देश दिए गए हैं कि वे व्यक्तिगत रूप से पहल करते हुए अपने-अपने मंडलों की सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटान सुनिश्चित करें।

सभी अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि शिकायतों के समाधान की कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रस्तुत की जानी है। निर्धारित समय में शिकायतों का समाधान नहीं होने की स्थिति में संबंधित एक्सईएन की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें और आगामी समीक्षा बैठक से पहले शिकायतों के निपटान में ठोस एवं संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें