मंडियों में सुचारू रूप से चल रही बाजरे की खरीद, जिले में अब तक 41,252 मीट्रिक टन की आवक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 02 नवम्बर। जिले में खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान बाजरे की खरीद का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। अब तक जिले की विभिन्न मंडियों में 41,252 मीट्रिक टन बाजरे की आवक दर्ज की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि जिले की तीन मंडियों—जटौली, फर्रुखनगर और सोहना में बाजरे की खरीद की जा रही है।

प्रवक्ता ने बताया कि अब तक फर्रुखनगर मंडी में 10,000 मीट्रिक टन, जटौली मंडी में 26,488 मीट्रिक टन तथा सोहना मंडी में 4,764 मीट्रिक टन बाजरे की आवक हुई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार भावांतर भरपाई योजना के तहत बाजरा उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। योजना के अंतर्गत बाजरे के लिए 2,900 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने का प्रावधान है। निर्धारित नियमों एवं पात्रता के अनुसार 2,900 रुपये प्रति क्विंटल के निर्धारित मूल्य तक अधिकतम 600 रुपए के अंतर की भरपाई सरकार द्वारा भावांतर के रूप में की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें