शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए महापौर स्वयं कर रही हैं प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों का दौरा, अधिकारियों को दिए जा रहे हैं आवश्यक दिशा-निर्देश

गुरुग्राम, 2 नवंबर। गुरुग्राम शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं मच्छरमुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर की सभी कॉलोनियों में फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। महापौर राजरानी मल्होत्रा के निर्देशानुसार मच्छरों की रोकथाम तथा नागरिकों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महापौर राजरानी मल्होत्रा स्वयं प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं कॉलोनियों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा ले रही हैं। इन दौरों के दौरान वह क्षेत्र में साफ-सफाई, कचरा उठान एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नियमित सफाई हो तथा नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
महापौर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। मच्छरों की रोकथाम के लिए शहर की सभी कॉलोनियों में फॉगिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की टीमों को लगातार सक्रिय रखा गया है। मैं स्वयं प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हूं, ताकि जमीनी स्तर पर सफाई कार्यों की स्थिति की जानकारी मिल सके और जहां भी सुधार की आवश्यकता है, वहां तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने आगे कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखना केवल नगर निगम की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक अपने आसपास पानी जमा न होने दें, घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखें तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। जनसहयोग से ही मच्छरों की रोकथाम और स्वच्छ गुरुग्राम के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।








