मित्र सभा ने धूमधाम से मनाया दीपावली मिलन समारोह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिलों को जोड़ने और आपसी कड़वाहट मिटाने का पावन अवसर है दीपावली : धर्मसागर

संगीतमय प्रस्तुतियों ने बाँधा समाँ, 80 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों का हुआ सम्मान

गुरुग्राम। सामाजिक संस्था मित्र सभा सेक्टर 4/7 की ओर से सेक्टर-4 स्थित वैश्य समाज धर्मशाला में दीपावली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। संस्था के सदस्यों ने सपरिवार भाग लेकर एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियाँ साझा कीं। संगीत, मनोरंजन और वरिष्ठ सदस्यों के सम्मान ने आयोजन को यादगार बनाया।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना से हुआ। मित्र सभा के संरक्षक धर्मसागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संस्था के अध्यक्ष राजन चड्ढा एवं महासचिव बलदेव बजाज ने अतिथियों का स्वागत किया। विजय अग्रवाल ने मंच संचालन किया।

धर्मसागर ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और आपसी कड़वाहट मिटाने का पावन अवसर है। दीपावली मिलन समारोह इसी भावना का सुंदर और जीवंत रूप है। पर्व पर एक-दूसरे से मिलना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और अपनत्व को नई ऊर्जा देने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि दीपावली का सच्चा अर्थ केवल अपने घर को रोशन करना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाना है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना, गिले-शिकवे मिटाना और सौहार्द का वातावरण बनाना ही ऐसे आयोजनों की सार्थकता है।

समारोह में तीन गायकों की संगीतमय प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वी.के. आहूजा द्वारा आयोजित तंबोला खेल का भी सदस्यों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर जन्मदिन वाले सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन मनाया गया तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों को फूल-मालाएँ पहनाकर सम्मानित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में महेश नागपाल, आशीष सरदाना, सौरभ तलवार एवं अनिल ग्रोवर का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी सदस्यों ने प्रीतिभोज का आनंद लिया। समारोह में आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें