बुजुर्ग समाज और संस्कृति की अमूल्य धरोहर, उनके अनुभव नई पीढ़ी के मार्गदर्शक : डीएन कवातरा
गुरुग्राम। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब, गुरुग्राम शाखा की ओर से शनिवार को न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन डीएन कवातरा ने किया। उन्होंने सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक केवल परिवार के बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के लंबे अनुभव और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक का काम करते हैं। उन्हें परिवार एवं समाज में उचित स्थान, आदर और सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की पुरानी कहानियों और जीवन-अनुभवों में कठिन परिस्थितियों से पार पाने के अनेक समाधान छिपे होते हैं। उनकी बातें हमें विपरीत समय में भी अडिग रहने की प्रेरणा देती हैं। हमें उनकी बात सुनकर उनके ज्ञान और आशीर्वाद से अपने जीवन को संवारना चाहिए।
गणेश वंदना से हुआ शुभारंभ
मधु शर्मा की गणेश वंदना और डीएन कवातरा के गायत्री मंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जगदीश गुलाटी ने मां शेरावाली का भजन ‘शेरावाली नूं दिल में बसा के देख, पल में दर्शन हो जाएंगे’ प्रस्तुत किया।
डीएन कवातरा ने ‘गणपति जी आए हमारे घर में कुछ इस तरह…’ और ‘मधुबन खुशबू देता है, सागर सावन देता है’ गीत सुनाया। मधु शर्मा ने ‘जीवन की घड़ियां बीत न जाएं, ओम् जपो’, जबकि मदन डूडेजा ने ‘घर में पधारो गजानन जी’ भजन प्रस्तुत किया। सीके चौधरी ने ‘श्री राधा रानी अब तो कृपा करो’ सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
राधाष्टमी के उपलक्ष्य में हरीश सरदाना, बलदेव सचदेवा और शशि अरोड़ा सहित संस्था के अनेक सदस्यों ने श्रीराधा से संबंधित मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण भक्तिमय बना दिया।
कविता ने दिया संवेदनशीलता का संदेश
एमआर कुमार ने मानवीय संवेदनाओं पर आधारित कविता प्रस्तुत करते हुए सुनाया—
“छोड़ने जाते थे जब किसी को स्टेशन पर,
नम हो जाती थीं आंखें हमारी स्टेशन पर।
आज आलम है इस मतलबी इंसान का,
नम नहीं होती उसकी आंखें अब श्मशान पर।”
30 सितंबर को दिल्ली जाएंगे सदस्य
डीएन कवातरा ने बताया कि 30 सितंबर को वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर पंजाब केसरी कार्यालय, दिल्ली जाने के इच्छुक सदस्य सेक्टर-14 स्थित आईडीसी प्लॉट नंबर-72 में संस्था के प्रधान धर्मसागर के कार्यालय पहुंचें। यहां से शाम चार बजे बस द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान किया जाएगा।
कार्यक्रम में ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य रमेश वशिष्ठ, केसरदास ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।








