• *हरियाणा में ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा का खाका तैयार, रेवाड़ी और पलवल में रात्रि ठहराव, सेवा कार्यों का बनेगा केंद्र*
• *राष्ट्रीय सचिव जयप्रकाश ने ‘मंगल कमल’ में की बैठक, पदाधिकारियों को सौंपी गईं जिम्मेदारियां*
• *हरियाणा रूपरेखा तैयार महेंद्रगढ़,रेवाड़ी,गुरुग्राम, पलवल में होगा भव्य स्वागत*
• *7 अक्टूबर को होगा यात्रा का राष्ट्रीय समापन*

रोहतक/चंडीगढ़,19 सिंतबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तथा वाराणसी से वडनगर तक आयोजित की जा रही ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा को लेकर हरियाणा प्रदेश में तैयारियां जोरों पर हैं। रोहतक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘मंगल कमल’ में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में यात्रा के हरियाणा रूट, पड़ाव स्थलों और प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जयप्रकाश ने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री की जन्मभूमि है और काशी उनकी कर्मभूमि। दोनों पवित्र स्थलों को जोड़ने वाली यह बाइक यात्रा मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और टीबी मुक्त भारत जैसे सामाजिक अभियानों में युवाओं और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
*हरियाणा में तय किए गए दो प्रमुख रूट*
बैठक में हरियाणा के भौगोलिक विस्तार को ध्यान में रखते हुए दो प्रमुख रूट तय किए गए हैं।
*पहला रूट – महेंद्रगढ़, अटेली, रेवाड़ी, जमालपुर (रिंग रोड) और गुरुग्राम होते हुए आगे बढ़ेगा।*
*इसमें रेवाड़ी में रात्रि ठहराव होगा।*
*दूसरा रूट – बावल, सोहना और पलवल को कवर करेगा, जहां पलवल में यात्रा के पड़ाव व रात्रि ठहराव की विशेष व्यवस्था की गई है।*
सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष और 7 अक्टूबर को समापन
प्रदेश महामंत्री वेद फुलां ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक सेवा जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को होगा। राज्य में इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की सीधी सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
जयप्रकाश ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में स्वागत कार्यक्रम केवल औपचारिक न हों, बल्कि उनमें किसानों, युवाओं, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से संवाद व सेवा गतिविधियों को प्रमुखता से शामिल किया जाए।
बैठक के बाद कार्यालय प्रांगण में पौधारोपण भी किया गया
बैठक में प्रदेश सचिव नागेंद्र शर्मा,युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया,रोहतक जिला महामंत्री नितिन जैन व अभिनंदन शर्मा सहित महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल के पार्टी व युवा मोर्चा के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।








