सफायर-90 मॉल के 18 स्पा सेंटरों पर संयुक्त छापा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आठ स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों के प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने का दावा; डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त

करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम ने रातभर चलाया अभियान, मौके पर मिलीं 30 महिलाएं और 20 पुरुष

गुरुग्राम, 19 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने सेक्टर-90 स्थित सफायर-90 मॉल में संचालित 18 स्पा सेंटरों पर शुक्रवार रात एक साथ छापेमारी की। रात करीब 10 बजे शुरू हुआ यह अभियान शनिवार तड़के तीन बजे तक चला।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों की सूचना पर स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान 18 में से आठ स्पा सेंटरों में प्रथमदृष्टया संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। टीम ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और अन्य भौतिक साक्ष्य कब्जे में लिए हैं।

100 पुलिसकर्मी रहे अभियान में शामिल

इस बड़े अभियान की निगरानी एसीपी मुख्यालय-प्रथम अभिलक्ष जोशी ने की। वह अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के अंतर्गत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी भी हैं। कार्रवाई में करीब 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिनमें लगभग 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर बताए गए हैं।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी उपस्थित रहे।

मौके पर मिलीं 30 महिलाएं और 20 पुरुष

छापेमारी के दौरान विभिन्न स्पा सेंटरों में करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले। पुलिस महिलाओं से पूछताछ कर उनकी परिस्थितियों तथा उन्हें इन गतिविधियों में लाने अथवा सहायता करने वाले संभावित लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मौके पर मिले पुरुषों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए साक्ष्यों के आधार पर स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, प्रबंधकों और अन्य सहयोगियों की भूमिका निर्धारित की जाएगी। जांच में जिसकी संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

प्रारंभिक जांच एसीपी मुख्यालय-प्रथम एवं विशेष पुलिस अधिकारी ने की। मामले की आगे की जांच खेड़की दौला थाना प्रभारी को सौंपी गई है।

पुलिस का दावा: वैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की आड़ में संगठित गैर-कानूनी गतिविधियां संचालित करने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!