मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में ‘विकसित भारत की ओर भारत की यात्रा का वित्तपोषण’ सम्मेलन में लिया हिस्सा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*हरियाणा सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर निरंतर कर रही नीतिगत प्रयास – मुख्यमंत्री*

*कृषि, उद्योग, आईटी, एआई और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस*

*2047 तक विकसित भारत के विजन के अनुरूप हरियाणा को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प*

चंडीगढ़, 18 सितंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘विकसित भारत की ओर भारत की यात्रा का वित्तपोषण’ सम्मेलन में हिस्सा लिया। केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री एवं वित्त सचिव भाग ले रहे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, जिनके पास प्रदेश का वित्त विभाग भी है, ने इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भाग लिया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश निरंतर विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज की यह बैठक भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन कैसे जुटाए जाएं और राज्यों के साथ मिलकर निवेश को किस प्रकार गति दी जाए, सम्मेलन में इन्हीं विषयों पर मंथन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर नीतिगत प्रयास कर रही है। उद्योगों से लेकर स्किल डेवलपमेंट तक विभिन्न क्षेत्रों में ऐसी नीतियों का निर्माण एवं क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए फसल खरीद और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर निरंतर नीतियां बनाई जा रही हैं। वहीं, प्रदेश में औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा नई औद्योगिक नीतियां बनाई गई हैं। इन नीतिगत प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश में कई हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है।

उन्होंने कहा कि आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में भी राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है, ताकि युवाओं के लिए रोजगार और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन के अनुरूप हरियाणा सरकार ने अपना विजन डॉक्यूमेंट भी प्रस्तुत किया है। हरियाणा को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित करने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में इसी प्रकार सकारात्मक प्रयासों को दृढ़ता से लागू करती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!