हरियाणा में चारों ओर फिरौती, फायरिंग और हत्या के फरमान, बेबस है हरियाणा सरकार – दुष्यंत चौटाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*सीएम नायब सैनी पंजाब विजिट कम करके हरियाणा की कानून व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दें – दुष्यंत चौटाला*

*चंडीगढ़, 18 सितंबर।* हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के इतिहास में अब तक के निचले स्तर पर आई कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि बदमाश बेलगाम है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। दुष्यंत ने कहा कि बीते कल हरियाणवी सिंगर सुदेश रोहिला से बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगी, इसके बाद एक और गायक की गाड़ी पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। कारोबारियों से हर रोज रंगदारी मांगने की घटनाएं हो रही है। इतना ही नहीं बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके है कि अब तो कोई आम इंसान नई गाड़ी भी खरीद ले तो उससे फोन करके फिरौती मांग ली जाती है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बनती है, लेकिन हालात ये है कि सीएम के आदेश के बावजूद करनाल एनकाउंटर मामले में आज तक दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ऐसे खराब हालात हरियाणा के कभी नहीं हुए थे, क्योंकि आज लोगों को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है और अपराधी सरेआम क्राइम करके फरार हो जाते है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई हो, अगर डीजीपी में कठोर कदम उठाने की हिम्मत नहीं है तो सरकार किसी और को जिम्मेदारी सौंपे। शुक्रवार को पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला हिसार में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज सीएम नायब सिंह सैनी के पास हरियाणा में कोई भी एक बड़ी उपलब्धि गिनवाने के लिए नहीं है, लेकिन पंजाब में जाकर रोजाना झूठ बोल कर आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में अब तक सारे मुख्यमंत्रियों ने जितने पंजाब के दौरे किए थे, उन सभी का रिकॉर्ड पिछले दो साल में अकेले नायब सिंह सैनी ने तोड़ दिया हैं। दुष्यंत चौटाला ने कहा हरियाणा में सरकार द्वारा राइस मिलरों से पिछले साल का चावल का स्टॉक नहीं उठाया जा रहा है। ऐसे में सरकार की गलत नीतियों की वजह से आम लोगों को राशन डिपो पर खराब राशन लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। दुष्यंत ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के हालात सुधारने की बजाय अपनी झूठी वाहवाही लूटने के लिए फिजूलखर्ची में लगी हुई है।

इसके उपरांत पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, हरियाणा खादी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नलवा में जेजेपी बीएलए-2 के साथ बैठक की। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी प्रत्येक विधानसभाओं में चुनाव आयोग के एसआईआर अभियान की समीक्षा कर रही है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि हरियाणा में आयोग द्वारा लगभग 34 लाख वोटों पर आपत्ति जताई गई है। बीएलओ द्वारा ज्यादातर मतदाताओं को छोटी-छोटी कमियों के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है और इनमें नए युवा मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। दुष्यंत ने बड़ी संख्या में जायज वोट कटने की आशंका जताते हुए कहा कि चुनाव आयोग को इस गंभीर विषय पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!