नशे और अवैध हथियारों पर कार्रवाई, घर-घर किरायेदार सत्यापन तथा जाटोली मंडी चौकी को थाना बनाने का मुद्दा उठाया
गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पटौदी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहीं पर्ल चौधरी ने शुक्रवार को गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त शिवास कबिराज से मुलाकात कर पटौदी, जाटोली मंडी और फरुखनगर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा।
पर्ल चौधरी ने क्षेत्र में नशे और अवैध हथियारों से जुड़ी शिकायतों पर विशेष निगरानी रखने तथा प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने पटौदी, जाटोली मंडी और फरुखनगर में घर-घर जाकर किरायेदारों का सत्यापन कराने का सुझाव दिया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान की जा सके।
जाटोली मंडी चौकी को थाना बनाने की मांग
उन्होंने बढ़ती आबादी और क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए जाटोली मंडी पुलिस चौकी को पूर्ण पुलिस थाने में बदलने की मांग की। इसके साथ ही पटौदी और जाटोली मंडी के पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुबह और शाम पुलिस गश्त बढ़ाने का आग्रह किया।
अस्पताल में पुलिस सहायता केंद्र की जरूरत
प्रतिवेदन में पटौदी उपमंडलीय अस्पताल में स्थायी पुलिस चौकी अथवा पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग भी की गई। पर्ल चौधरी ने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, इसलिए वहां पुलिस की मौजूदगी आवश्यक है।
महाविद्यालय परिसर की जांच कराने का आग्रह
उन्होंने जाटोली मंडी स्थित राजकीय महाविद्यालय परिसर में कथित रूप से भांग के पौधे पाए जाने के मामले को भी उठाया। उन्होंने मौके का निरीक्षण कराने और तथ्यों की जांच के लिए समिति गठित करने का अनुरोध किया।
सिया चौहान हिट एंड रन मामला भी उठाया
पर्ल चौधरी ने गुरुग्राम के सिया चौहान हिट एंड रन मामले की जांच को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने पुलिस से यथासंभव 30 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल करने की कार्रवाई करने को कहा, ताकि न्यायिक प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ सके।
पर्ल चौधरी ने कहा, “नागरिकों की सुरक्षा केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। पुलिस की मजबूत मौजूदगी, नियमित गश्त, किरायेदार सत्यापन तथा नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई से अपराधों की रोकथाम भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।”
उन्होंने पुलिस आयुक्त से सभी मांगों को जनसुरक्षा की दृष्टि से प्राथमिकता देने, संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया।








