बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करे कांग्रेस, जनता के मुद्दों पर मुखर हों कार्यकर्ता : संजय दत्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

असंध ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में राव नरेंद्र सिंह, कुमारी सैलजा और चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद

चंडीगढ़/असंध, 18 सितंबर। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को असंध में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सम्मेलन में शिरकत की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी असंध के अध्यक्ष जितेंद्र चोपड़ा द्वारा आयोजित सम्मेलन में वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया।

संगठन की मजबूती सर्वोच्च प्राथमिकता : संजय दत्त

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का संगठन जितना मजबूत और सक्रिय होगा, उतने ही प्रभावी ढंग से जनता की आवाज उठाई जा सकेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होनी चाहिए। प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपनी भूमिका पूरी सक्रियता एवं निष्ठा से निभानी होगी।

कार्यकर्ता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत : राव नरेंद्र सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का सबसे बड़ा आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय आवश्यक है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर स्थानीय समस्याओं को समझने तथा उन्हें मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीधा संवाद, सामूहिक प्रयास और जवाबदेही ही संगठन को अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाएंगे।

जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें कार्यकर्ता : कुमारी सैलजा

कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत करनी होगी। कार्यकर्ता आमजन के बीच सक्रिय रहें और उनके सुख-दुख में सहभागी बनें।

उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के माध्यम से ही पार्टी जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकती है।

अनुशासन और समन्वय समय की आवश्यकता : चौधरी बीरेंद्र सिंह

वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की ताकत उसके कार्यकर्ताओं और मजबूत संगठनात्मक ढांचे से तय होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि गांव-गांव और प्रत्येक बूथ तक कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सामूहिक रूप से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

सम्मेलन में संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी सक्रियता से काम करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, अमेठी से सांसद केएल शर्मा, पूर्व सांसद दादा डीपी राय एवं बृजेंद्र सिंह, विधायक अकरम खान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी उपस्थित रहे।

करनाल ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश वैध, करनाल शहरी अध्यक्ष पराग गाबा, यमुनानगर ग्रामीण अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर और यमुनानगर शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, पार्टी के वरिष्ठ नेता, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी सम्मेलन में शामिल हुए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!