
गुरुग्राम, 17 सितंबर – प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र को समर्पित सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा विभिन्न स्थानों पर 5,000 से अधिक दीये प्रज्वलित किए गए।

जीएमडीए कार्यालय परिसर, ताऊ देवी लाल स्टेडियम तथा श्री शीतला माता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई। दीप प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता भी व्यक्त की गई।
जीएमडीए द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की और ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के संदेश को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया।








