सेवा संकल्प अभियान’ के पहले दिन गुरुग्राम में सेवा, स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक लाख से अधिक स्कूली बच्चों ने चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा, नेहरू स्टेडियम में 200 से 250 बच्चों ने किया योग एवं ध्यान

गुरुग्राम, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज से शुरू हुए राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुग्राम जिले में विभिन्न मॉड्यूल के अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के पहले दिन शिक्षा विभाग की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज प्रातः 6 बजे नेहरू स्टेडियम स्थित हॉकी एस्ट्रोटर्फ में योग एवं मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया। इसमें लगभग 200 से 250 बच्चों ने भाग लेकर योग एवं ध्यान का अभ्यास किया। वहीं, ‘सेवा मेरा योगदान’ मॉड्यूल के तहत आयुष विभाग की ओर से जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। इन शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।

इसके साथ ही जिले की गौशालाओं में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत पशु स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में पशुओं के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अभियान के माध्यम से सेवा, स्वास्थ्य, जागरूकता और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ते हुए जिले के विभिन्न वर्गों तक सेवा का संदेश पहुंचाया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!