कांग्रेस की मासिक समीक्षा बैठक में संगठनात्मक कामकाज का आकलन, कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों और ब्लॉकों की हो सकती है समीक्षा
जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय व जवाबदेह बनाएं : राव नरेंद्र सिंह
गुरुग्राम, 17 सितंबर। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों से संगठनात्मक प्रदर्शन को अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले की कार्ययोजना स्पष्ट, समयबद्ध और परिणाम आधारित होनी चाहिए। संगठन केवल कागजों तक सीमित न रहकर बूथ और मंडल स्तर तक सक्रिय दिखाई देना चाहिए।
ट्यूलिप क्लब हाउस, सेक्टर-70, बादशाहपुर में संजय दत्त की उपस्थिति और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सभी जिला कांग्रेस कमेटियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी जितेंद्र बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन गुरुग्राम ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वर्धन यादव ने किया।
तीन महीने की रणनीति पर मंथन
बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में चल रहे संगठनात्मक कार्यों, मंडल मैपिंग, ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित गतिविधियों, बूथ स्तर पर मतदाता सहायता केंद्रों तथा स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
इसके साथ ही आगामी तीन महीनों की संगठनात्मक प्राथमिकताओं, संभावित चुनौतियों और भविष्य की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
प्रदर्शन आधारित रिपोर्ट मांगी
संजय दत्त ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल द्वारा संगठन सृजन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक जिले से प्रदर्शन आधारित संगठनात्मक रिपोर्ट मांगी गई है।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक प्रदर्शन के निर्धारित मानकों पर अपेक्षित परिणाम नहीं देने वाले जिलों और ब्लॉकों पर संगठन सृजन अभियान के दूसरे चरण में विचार किया जा सकता है। इसमें मौजूदा संगठनात्मक नेतृत्व के प्रदर्शन की समीक्षा भी शामिल हो सकती है।
उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्षों से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल रिपोर्ट प्रस्तुत करने तक सीमित न रहें, बल्कि सक्रिय नेतृत्व और नियमित निगरानी भी सुनिश्चित करें।
जिलों से इन बिंदुओं पर मांगी जानकारी
- जिले में किए गए संगठनात्मक कार्यों, गतिविधियों और प्रदर्शन का विस्तृत विवरण।
- मंडल मैपिंग, आयोजित एवं प्रस्तावित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों, एसआईआर और बूथ मतदाता सहायता केंद्रों की स्थिति।
- स्थानीय महत्वपूर्ण मुद्दों एवं जनसमस्याओं की सूची तथा उन्हें उठाने और समाधान के लिए जिला कांग्रेस कमेटी की योजना।
- आगामी तीन महीनों की स्पष्ट, व्यावहारिक और समयबद्ध कार्ययोजना, जिसमें मापनीय लक्ष्य और उन्हें पूरा करने की समय-सीमा तय हो।
अब रिपोर्ट नहीं, परिणाम चाहिए : राव नरेंद्र सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बैठक का उद्देश्य केवल संगठन के प्रदर्शन की समीक्षा करना नहीं, बल्कि कमियों की पहचान कर उन क्षेत्रों को चिह्नित करना भी है, जहां अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, “अब आवश्यकता केवल रिपोर्ट प्रस्तुत करने की नहीं, बल्कि परिणाम देने की है। हर जिले में संगठन को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ना होगा।”
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक जिला कांग्रेस कमेटी को अपनी वर्तमान स्थिति, संगठनात्मक कमियों और प्राथमिकताओं का आकलन करते हुए अगले तीन महीनों के लिए ठोस एवं मापनीय लक्ष्य निर्धारित करने होंगे। इन लक्ष्यों को तय समय-सीमा में धरातल पर लागू करने के साथ उनकी नियमित समीक्षा भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों की सक्रिय भागीदारी, स्पष्ट जवाबदेही और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। कांग्रेस का संगठन तभी प्रभावी होगा, जब जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच सक्रिय रहेंगे, स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगे।








