‘सेवा संकल्प’ अभियान के साथ गुरुग्राम में सेवा और जनकल्याण के एक माह लंबे अभियान का आगाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रामनगर (फरुखनगर) में स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया शुभारंभ

देश की प्रगति के साथ प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ, जागरूक और सशक्त होना आवश्यक : राव नरबीर सिंह

गुरुग्राम, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज गुरुग्राम में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प’ अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले दिन रामनगर (फरुखनगर) स्थित सामुदायिक केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के रामनगर मंडल की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर एवं एसजीटी यूनिवर्सिटी के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर का हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुभारंभ किया।

राव नरबीर सिंह ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज से शुरू हो रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प’ अभियान के माध्यम से समाजसेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश तीव्र गति से विकास और आर्थिक प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है तथा विश्व भी भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति और विकास की गति को स्वीकार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के साथ प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ, जागरूक और सशक्त होना भी आवश्यक है। स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे लोगों और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा की भावना से किया गया प्रत्येक कार्य समाज को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनकल्याण के संकल्प को भी सार्थक करता है।

स्वस्थ समाज की शुरुआत स्वस्थ अन्न से, किसान सुरक्षित एवं संतुलित खेती को दें प्राथमिकता

राव ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में किसानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों को फसलों में अनावश्यक रूप से कीटनाशकों और रासायनिक पदार्थों का प्रयोग करने से बचना चाहिए तथा सुरक्षित और संतुलित कृषि पद्धतियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेतों में इस्तेमाल होने वाले रसायनों का प्रभाव मिट्टी और पर्यावरण के साथ-साथ खाद्य पदार्थों के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। इसलिए लोगों को स्वस्थ भोजन उपलब्ध कराने के लिए किसानों को भी जागरूकता के साथ खेती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ जैसे अभियानों का उद्देश्य केवल एक दिन कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा, स्वास्थ्य और जनकल्याण की भावना को निरंतर मजबूत करना है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, रामनगर मंडल अध्यक्ष अनिल सैनी, उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव, मानेसर के डिप्टी मेयर प्रवीण यादव, भाजपा जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, वरिष्ठ भाजपा नेत्री जयंती चौधरी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, चिकित्सकीय टीम, रक्तदाता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!