स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ एक मंच पर जुटेंगे विशेषज्ञ, 19 सितंबर को वेलनेस कॉन्क्लेव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आधुनिक विज्ञान और आयुर्वेद के समन्वय, रोगों की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली पर होगा मंथन

नई दिल्ली। आत्मनिर्भर भारत और वर्ष 2047 तक स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण की परिकल्पना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं वेलनेस क्षेत्र के विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत संस्था ‘कायु रिचुअल्स’ की ओर से 19 सितंबर को नई दिल्ली के शांगरी-ला इरोस होटल में विशेष वेलनेस कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा।

कॉन्क्लेव में देश के प्रमुख चिकित्सक, स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिनिधि और वेलनेस विशेषज्ञ विकसित भारत के साथ पूर्णतः स्वस्थ भारत बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य रोगों की रोकथाम पर आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति तथा आधुनिक विज्ञान के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर होगा संवाद

कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण केएस, एमडी, पीएचडी (आयुर्वेद), असिस्टेंट प्रोफेसर, एम्स आयुर्वेद; दिल्ली सरकार के आयुष विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक साहा; वरिष्ठ फर्टिलिटी एवं आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. अंशिका लेखी; होम्योपैथ एवं जीवनशैली विशेषज्ञ डॉ. निशचल गुप्ता तथा स्त्री रोग एवं आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. जागृति राम सहित अनेक विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।

कॉन्क्लेव के दौरान रोगों की रोकथाम, जीवनशैली में बदलाव, महिला स्वास्थ्य, प्रजनन क्षमता एवं आईवीएफ, पुरुष एवं महिला यौन स्वास्थ्य, फेफड़ों के स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत की मजबूत नींव : प्रीति चौधरी

कायु रिचुअल्स की संस्थापक प्रीति चौधरी ने कहा, “विकसित भारत की मजबूत नींव स्वस्थ नागरिकों से ही तैयार होगी। स्वास्थ्य को केवल बीमारी के उपचार तक सीमित रखने के बजाय रोगों की रोकथाम, जन-जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली पर विशेष जोर देना आवश्यक है।”

उन्होंने कहा कि संस्था आत्मनिर्भर भारत और वर्ष 2047 तक पूर्णतः स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाते हुए संस्था अपने स्तर पर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देना चाहती है।

प्रीति चौधरी ने बताया कि इस कॉन्क्लेव के माध्यम से देश में रोगों की रोकथाम पर केंद्रित स्वास्थ्य एवं वेलनेस को लेकर नई सोच विकसित करने और व्यापक संवाद को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!