हरियाणा महिला कांग्रेस का बेटियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए बड़ा अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

23 जिलों में 42 स्थानों पर कार्यक्रम; 5,100 बेटियों को एक वर्ष तक हर महीने निःशुल्क सैनिटरी पैड देगी महिला कांग्रेस

पर्ल चौधरी ने स्वयं फरुखनगर और पटौदी ब्लॉक की 201 बेटियों को प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत अपनाया

चंडीगढ़, 16 सितंबर 2026। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती अलका लांबा जी के मार्गदर्शन में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस ने महिला कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की बेटियों और महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता को समर्पित व्यापक ‘प्रियदर्शिनी उड़ान’ अभियान चलाया। प्रदेश के सभी 23 जिलों में 42 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चियों, युवतियों एवं महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए तथा मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने जैसे विषयों पर संवाद किया गया।

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। इसके तहत हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस ने 5,100 बेटियों को एक वर्ष के लिए अपनाया है, जिन्हें अगले एक वर्ष तक हर महीने निःशुल्क सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद और जागरूकता का कार्य किया जाएगा।

इस अभियान को स्वयं आगे बढ़ाते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने गुरुग्राम जिले के फरुखनगर और पटौदी ब्लॉक में 201 बेटियों को प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत अपनाया है।

श्रीमती पर्ल चौधरी ने कहा— “बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सपना था कि देश की बेटियों और महिलाओं को शिक्षा, समानता, सम्मान और अपने अधिकारों के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले। श्रीमती इंदिरा गांधी जी ने भी महिलाओं को राष्ट्र निर्माण और नेतृत्व की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने की मजबूत विरासत छोड़ी। श्रीमती अलका लांबा जी के मार्गदर्शन में हरियाणा महिला कांग्रेस उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए चाहती है कि हरियाणा की एक-एक बेटी शिक्षित हो, स्वस्थ हो और अपने जीवन में आत्मनिर्भर बने।”

उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए उनका स्वास्थ्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।

“यदि किसी बेटी को मासिक धर्म के दौरान आवश्यक स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी, तो उसका स्कूल, कॉलेज और दैनिक जीवन प्रभावित हो सकता है। इसलिए सैनिटरी पैड उपलब्ध कराना हमारे लिए केवल सहायता का विषय नहीं, बल्कि बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और गरिमा से जुड़ा विषय है।”

पर्ल चौधरी ने कहा कि “आज एक जिम्मेदार विपक्ष होने के नाते और दो बेटियों की मां होने के नाते यह मेरी राजनीतिक ही नहीं, व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी है कि हम हरियाणा की बेटियों की सेवा करें। हमारा प्रयास है कि किसी बेटी को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में अपनी पढ़ाई, अपने सपनों या अपने भविष्य से समझौता न करना पड़े।”

गुरुग्राम में सड़क, जाम और महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

श्रीमती पर्ल चौधरी ने गुरुग्राम की बदहाल सड़कों, गड्ढों, जाम और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि “आज गुरुग्राम की सड़कों की हालत ऐसी हो गई है कि लोग इसे व्यंग्य में ‘गड्ढाग्राम’ कहने लगे हैं। जगह-जगह गड्ढे, जलभराव और जाम आम नागरिकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही हाल ही में गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर के साथ हुई गंभीर सड़क घटना ने महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता पैदा की है।”

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को देश के आधुनिक शहर और मिलेनियम सिटी के रूप में पहचान मिली थी, लेकिन खराब यातायात व्यवस्था, सड़कों की बदहाली और सुरक्षा से जुड़े सवालों के कारण आज ‘गुरुग्राम’ को ‘गड्ढाग्राम’ और ‘गुड़गांव’ से ‘गुंडाग्राम’ जैसे तंज का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को विज्ञापनों और बड़े दावों से आगे बढ़कर सड़क पर चलने वाले आम नागरिक, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा पर ध्यान देना चाहिए।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार, आगे 180 ब्लॉकों तक पहुंचेगा संगठन

श्रीमती पर्ल चौधरी ने प्रियदर्शिनी उड़ान अभियान को सफल बनाने के लिए हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की सभी वरिष्ठ नेत्रियों, कार्यकारिणी सदस्यों, जिला एवं स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि “ मैं हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की सभी वरिष्ठ नेत्रियों और कार्यकारिणी सदस्यों को धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रियदर्शिनी उड़ान अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत की। 5,100 बेटियों को एक वर्ष के लिए अपनाना हमारे लिए केवल एक संख्या नहीं, बल्कि 5,100 बेटियों और उनके परिवारों के साथ जिम्मेदारी का रिश्ता बनाना है।”

उन्होंने आगे कहा कि “अभी तो यह शुरुआत है। संगठन सृजन अभियान के बाद हमारी कोशिश होगी कि हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अपनी नई संगठनात्मक शक्ति के साथ प्रदेश के सभी 180 ब्लॉकों तक पहुंचे। हम एक ही दिन हरियाणा के सभी 180 ब्लॉकों में जनता और महिलाओं से जुड़े मुद्दे उठाएंगे तथा नायब सैनी सरकार के कामकाज और नाकामियों से जुड़े सवाल जनता के सामने रखेंगे।”

पर्ल चौधरी ने कहा कि महिला कांग्रेस अब केवल कार्यक्रम करने वाला संगठन नहीं, बल्कि महिलाओं की समस्याओं को सुनने, उनके संघर्ष में साथ खड़े होने और उनकी आवाज को गांव, शहर, ब्लॉक और जिला स्तर तक मजबूती से उठाने वाला संगठन बनेगी।

“हमारे विचार स्पष्ट है कि हरियाणा की हर महिला तक पहुंचना, उसकी बात सुनना और उसकी आवाज को बुलंद करना। हर बेटी स्वस्थ हो, शिक्षित हो, सुरक्षित हो और अपने पैरों पर खड़ी हो और यही प्रियदर्शिनी उड़ान योजना का उद्देश्य है।”

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!