गीता भवन मंदिर में गणेश वंदना से होगा शुभारंभ; 30 सितंबर को वरिष्ठ नागरिक दिवस समारोह में शामिल होंगे सदस्य
गुरुग्राम, 16 सितंबर। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब, गुरुग्राम शाखा की कोर कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को संस्था के प्रधान धर्मसागर की अध्यक्षता में उनके आईडीसी-72 स्थित कार्यालय में हुई। बैठक में आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रम और वरिष्ठ नागरिक दिवस समारोह की तैयारियों पर चर्चा की गई।
धर्मसागर ने बताया कि क्लब का सांस्कृतिक कार्यक्रम तीसरे शनिवार यानी 19 सितंबर को सुबह 11 बजे न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन मंदिर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से होगा। इसमें क्लब के सदस्य कविताएं, चुटकुले, गीत और भजन प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के बाद जलपान की व्यवस्था भी रहेगी।
उन्होंने सुझाव दिया कि क्लब के प्रत्येक सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना, भगवान श्रीराम की स्तुति या मां दुर्गा की स्तुति जैसे किसी धार्मिक गीत अथवा प्रस्तुति से की जानी चाहिए। डीएन कवातरा सहित कोर कमेटी के सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई।
बैठक में बताया गया कि वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन एवं पंजाब केसरी समाचार पत्र की निदेशक किरण शर्मा चोपड़ा के आह्वान पर पंजाब केसरी की ओर से 30 सितंबर को वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया जाएगा। यह समारोह शाम 3 बजे कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
धर्मसागर ने समारोह में शामिल होने के इच्छुक सदस्यों से 30 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे उनके कार्यालय पहुंचने का आग्रह किया, जहां से सभी सदस्य सामूहिक रूप से कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
बैठक में अंजला वधवा, एसके गाबा, शीतल चावला और रमेश वशिष्ठ सहित कोर कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।








