हर नागरिक तक पहुंचे सेवा और योजनाओं का लाभ, गुरुग्राम में आज से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा अभियान का आगाज, एक माह तक जिलेभर में चलेंगी सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी की गतिविधियां

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से की समीक्षा, डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों के साथ तैयारियों को दिया अंतिम रूप

प्रमुख स्थानों से लेकर गांवों तक पहुंचाया जाएगा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश

गुरुग्राम, 16 सितंबर। सेवा, जनभागीदारी और सुशासन के संदेश के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आज 17 सितंबर से जिले में शुभारंभ होगा। डीसी उत्तम सिंह ने अभियान की पूरी रूपरेखा को अंतिम रूप देते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की गतिविधियों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और आमजन को इन योजनाओं एवं सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा सके।

इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी डीसी के साथ सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा एवं तैयारियों की समीक्षा की। डीसी उत्तम सिंह ने मुख्यमंत्री को गुरुग्राम जिले में अगले एक माह तक चलने वाले अभियान की रूपरेखा तथा विभिन्न मॉड्यूल के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

17 सितंबर को प्रमुख स्थानों पर जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीये’

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ मॉड्यूल के तहत जिले के प्रमुख स्थानों पर दीया प्रज्ज्वलित किया जाएगा। पटौदी क्षेत्र में केएमपी एक्सप्रेसवे, प्राचीन शिव मंदिर इच्छापुरी, गति शक्ति मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल (मारुति प्लांट, मानेसर), निर्माणाधीन अमृत भारत स्टेशन, न्यू ग्रेन मार्केट जटौली मंडी तथा एसडीएम कार्यालय में दीया प्रज्ज्वलित किया जाएगा। वहीं सोहना क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, शिव कुंड तथा दमदमा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में यह कार्यक्रम आयोजित होगा।

इसी प्रकार गुरुग्राम में श्री माता शीतला देवी मंदिर, लघु सचिवालय, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, गुरुग्राम मेट्रो एक्सटेंशन, निर्माणाधीन अमृत भारत रेलवे स्टेशन, मल्टी स्टोरी पार्किंग सदर बाजार, मिनी सचिवालय, नेहरू स्टेडियम तथा ताऊ देवीलाल स्टेडियम में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। बादशाहपुर क्षेत्र में मातृ वन, गुरुग्राम विश्वविद्यालय, राजकीय कॉलेज सुल्तानपुर, एमसीजी कार्यालय, इंटरनेशनल सोलर अलायंस मुख्यालय तथा द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी दीया जलाकर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।

फर्रुखनगर व मानेसर में आज लगेगा रक्तदान शिविर

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को फर्रुखनगर तथा मानेसर में रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने जिलावासियों से इन रक्तदान शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

जिले की सभी गौशालाओं में आज हवन, ‘आशीर्वाद का दीया’ और पशु स्वास्थ्य जांच शिविरों का होगा आयोजन

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की सभी गौशालाओं में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान गौशालाओं में हवन कर सेवा एवं जनकल्याण का संकल्प लिया जाएगा तथा शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसके साथ ही गौशालाओं में पशु स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे, जिनमें पशुओं के स्वास्थ्य की जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

विभिन्न मॉड्यूल के तहत पूरे एक माह तक आयोजित होंगी जागरूकता एवं जनभागीदारी की गतिविधियां

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता, जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘रक्तदान’, ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट—इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न मॉड्यूल के माध्यम से विभागवार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा आमजन को अपने अधिकारों एवं सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, सेवा गतिविधियां, संवाद, शिविर, रचनात्मक कार्यक्रम तथा जनभागीदारी से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।

गांवों में पंचायतों और शहरी क्षेत्र के महाविद्यालयों में नुक्कड़ नाटकों से पहुंचेगा सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं का संदेश

डीसी ने बताया कि ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ मॉड्यूल के तहत 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को ब्लॉक स्तर की विभिन्न ग्राम पंचायतों तथा शहरी क्षेत्र के महाविद्यालयों में हरियाणा कला परिषद द्वारा नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकार सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और आमजन के हित में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी रोचक एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाएंगे। नुक्कड़ नाटकों के जरिए ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ेगा दायरा, अब 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं भी होंगी लाभ की पात्र

डीसी ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज 17 सितंबर से जिले में विशेष पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तर पर विकास सदन स्थित अंत्योदय भवन में तथा बादशाहपुर, मानेसर, पटौदी एवं सोहना उपमंडल में एसडीएम कार्यालयों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ा जाएगा तथा उन्हें योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जाएगा।

शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही मिलेगा योजनाओं का लाभ

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के नगर पालिका क्षेत्रों में एक दिन, नगर परिषद क्षेत्रों में दो दिन तथा नगर निगम क्षेत्र में तीन दिन विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आमजन को सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण किया जाएगा, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके अतिरिक्त ब्लॉक स्तर पर भी बड़े गांवों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र नागरिकों को संबंधित सेवाओं एवं योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, मानेसर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल, मानेसर के एसडीएम लोकेश यादव, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!