सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को जिलेभर में जलाए जाएंगे ‘आशीर्वाद के दीये’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसी उत्तम सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मॉड्यूलवार तैयारियों की समीक्षा की

जिले के प्रमुख स्थानों पर होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ मॉड्यूल का आयोजन, विकास और सेवा के संकल्प के साथ रोशन होंगे प्रमुख स्थान

गुरुग्राम, 15 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक गतिविधियों की शुरुआत 17 सितंबर से की जाएगी। अभियान के पहले दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ मॉड्यूल के तहत जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर दीया प्रज्ज्वलित कर सेवा, विकास और जनकल्याण के प्रति संकल्प व्यक्त किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए गुरुग्राम, मानेसर, पटौदी, फर्रुखनगर तथा सोहना क्षेत्र में प्रमुख स्थानों का चयन किया गया है।

डीसी उत्तम सिंह ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के सभी मॉड्यूल से संबंधित तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं तथा कार्यक्रमों का प्रभावी एवं बेहतर समन्वय के साथ आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अभियान के विभिन्न मॉड्यूल, ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘रक्तदान’, ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट—इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत विभागीय स्तर पर की जा रही तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों से मॉड्यूलवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

17 सितंबर को प्रमुख स्थानों पर जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीये

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ मॉड्यूल के तहत जिले के प्रमुख स्थानों पर दीया प्रज्ज्वलित किया जाएगा। पटौदी क्षेत्र में केएमपी एक्सप्रेसवे, प्राचीन शिव मंदिर इच्छापुरी, गति शक्ति मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल (मारुति प्लांट, मानेसर), निर्माणाधीन अमृत भारत स्टेशन, न्यू ग्रेन मार्केट जटौली मंडी तथा एसडीएम कार्यालय में दीया प्रज्ज्वलित किया जाएगा। वहीं सोहना क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, शिव कुंड तथा दमदमा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में यह कार्यक्रम आयोजित होगा।

इसी प्रकार गुरुग्राम में श्री माता शीतला देवी मंदिर, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, गुरुग्राम मेट्रो एक्सटेंशन, निर्माणाधीन अमृत भारत रेलवे स्टेशन, मल्टी स्टोरी पार्किंग सदर बाजार, मिनी सचिवालय, नेहरू स्टेडियम तथा ताऊ देवीलाल स्टेडियम में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। बादशाहपुर क्षेत्र में मातृ वन, गुरुग्राम विश्वविद्यालय, राजकीय कॉलेज सुल्तानपुर, एमसीजी कार्यालय, इंटरनेशनल सोलर अलायंस मुख्यालय तथा द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी दीया जलाकर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।

17 सितंबर को फर्रुखनगर व मानेसर में होंगे रक्तदान शिविर

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को फर्रुखनगर तथा मानेसर में रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने जिलावासियों से इन रक्तदान शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान देने का आह्वान किया। डीसी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जोड़ना और जनभागीदारी के साथ सेवा एवं विकास की भावना को मजबूत करना है।

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, मानेसर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दर्शन यादव, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल, मानेसर के एसडीएम लोकेश यादव, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीईओ कैप्टन इंदु बोकन, डीडीपीओ नवनीत कौर सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!