औद्योगिक निवेश, रोजगार और युवाओं के कौशल विकास पर हुई चर्चा
थानेसर, संजीव कुमारी, 11 सितंबर। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से सांसद नवीन जिन्दल ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, युवाओं के कौशल विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में उद्योग और रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। युवाओं को आधुनिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
नवीन जिन्दल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए कुरुक्षेत्र को विकास के प्रत्येक क्षेत्र में आगे ले जाना उनकी प्राथमिकता है। औद्योगिक विकास के साथ युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘विकसित कुरुक्षेत्र-विकसित भारत’ के संकल्प के साथ क्षेत्र में विकास, रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और जनसेवा से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाए जाएंगे।








