जिला बार एसोसिएशन के चुनाव आज, 6,864 अधिवक्ता करेंगे मतदान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ईवीएम से सुबह 9 से शाम 4:30 बजे तक मतदान, मतगणना के बाद देर शाम घोषित होंगे परिणाम

छह प्रमुख पदों के लिए 26 उम्मीदवार मैदान में, लाइब्रेरियन पद पर ज्योति शर्मा निर्विरोध निर्वाचित

गुडग़ांव, 10 सितम्बर (अशोक) : प्रदेश की सबसे बड़ी जिला बार एसोसिएशनों में शामिल गुडग़ांव जिला बार एसोसिएशन के चुनाव शुक्रवार को होंगे। मतदान संपन्न होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी और देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित होने की संभावना है। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने जीत के लिए कई दिनों तक जोरदार प्रचार किया। अब प्रचार थमने के बाद सभी की निगाहें मतदान पर टिकी हैं।

वरिष्ठ अधिवक्ता सतबीर सिंह तंवर की अध्यक्षता वाली 24 सदस्यीय चुनाव समिति ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सतबीर सिंह तंवर ने बार के सभी सदस्यों से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ईवीएम से होगा मतदान

मतदान शुक्रवार सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक ईवीएम के माध्यम से कराया जाएगा। मतदान के लिए न्यायालय परिसर के पार्किंग क्षेत्र में बूथ बनाए गए हैं। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और इसके बाद विभिन्न पदों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

जिला बार एसोसिएशन में 11 हजार से अधिक अधिवक्ता पंजीकृत हैं, जबकि चुनाव में करीब 6,864 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

छह पदों के लिए 26 प्रत्याशी

अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अतिरिक्त उपाध्यक्ष महिला, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद के लिए छह-छह उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

अध्यक्ष पद के लिए कमलजीत कटारिया, कुलभूषण भारद्वाज, संतोख सिंह, विनीता, विनोद राव और मनोज यादव मैदान में हैं। संतोख सिंह दो बार अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि कुलभूषण भारद्वाज भी एक बार जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं।

उपाध्यक्ष पद के लिए अनूप यादव, दमन शर्मा, साहिल यादव, लक्ष्य भारद्वाज, सुधीर धनखड़ और नरेश चौहान चुनाव लड़ रहे हैं। सचिव पद के लिए राकेश यादव, विश्वेंद्र यादव, प्रशांत ठाकरान, शैलेंद्र बहल, प्रवीण यादव और खुशबू रानी के बीच मुकाबला है।

अतिरिक्त उपाध्यक्ष महिला पद के लिए ज्योत्सना बूचर, योगिता, सुनीता यादव और रेणू माहेश्वरी मैदान में हैं। संयुक्त सचिव पद के लिए योगेश कुमार और विक्रम यादव आमने-सामने हैं। वहीं, ज्योति शर्मा लाइब्रेरियन पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं।

चुनाव समिति ने सभी उम्मीदवारों और मतदाताओं से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का आग्रह किया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!