आदेश अस्पताल में उत्साह से मनाया विश्व फिजियोथेरेपी दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निःशुल्क शिविर में 200 से अधिक मरीजों की जांच, विद्यार्थियों और स्टाफ ने किया रक्तदान

कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक, 10 सितंबर। मोहड़ी स्थित आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में विश्व फिजियोथेरेपी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का विषय ‘हृदय संबंधी रोगों और स्ट्रोक की रोकथाम, प्रबंधन एवं पुनर्वास में फिजियोथेरेपी की भूमिका’ रहा। विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समय पर फिजियोथेरेपी उपचार कराने के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ आदेश ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एचएस गिल, निदेशक गुरफतेह सिंह गिल और आदेश अस्पताल के निदेशक डॉ. गुणतास सिंह गिल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विभिन्न संस्थानों के प्रधानाचार्य, चिकित्सक, शिक्षक, वरिष्ठ अधिकारी और अस्पताल कर्मचारी मौजूद रहे।

आदेश फिजियोथेरेपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम, उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ तथा मरीज को दोबारा सामान्य जीवन में लौटाने में फिजियोथेरेपी की महत्वपूर्ण भूमिका है। समय पर उपचार और नियमित व्यायाम से मरीज की शारीरिक क्षमता के साथ जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार किया जा सकता है।

नाटिका से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

विद्यार्थियों ने जागरूकता पर आधारित लघु नाटिका और समूह नृत्य प्रस्तुत कर स्ट्रोक से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और समय पर फिजियोथेरेपी उपचार कराने का संदेश दिया। पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों ने प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

200 से अधिक मरीजों को मिला परामर्श

विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर अस्पताल की फिजियोथेरेपी ओपीडी में निःशुल्क शिविर लगाया गया। विशेषज्ञों ने 200 से अधिक मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और व्यायाम संबंधी मार्गदर्शन दिया।

विद्यार्थियों और स्टाफ ने किया रक्तदान

समारोह के अंतर्गत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता में योगदान दिया। आयोजन के माध्यम से फिजियोथेरेपी, सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा और समय पर पुनर्वास उपचार के महत्व का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एनएस लाम्बा, डॉ. नरेश ज्योति सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!