*एसडीएम हितेंद्र कुमार ने मौके पर ही कई मामलों का कराया निपटारा, एटीआर पोर्टल पर कार्रवाई दर्ज करने को कहा*
गुरुग्राम, 10 सितंबर। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में बिजली, पेयजल, परिवार पहचान पत्र, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों को एसडीएम के समक्ष रखा गया। कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। जिन प्रकरणों में संबंधित विभागों की कार्रवाई आवश्यक थी, उनमें निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई का विवरण एटीआर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सरकार की जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर लागू करने का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के जरिए प्रशासन नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझ रहा है और विभागीय समन्वय के माध्यम से उनका समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज करवाने का आह्वान किया।
शिविर में संयुक्त आयुक्त सपना यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







