*17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, मॉड्यूल अनुसार होंगी सेवा, जागरूकता व जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां*
*डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की*

गुरुग्राम, 10 सितंबर। राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत गुरुग्राम जिला में जनसेवा एवं सुशासन की यात्रा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर डीसी उत्तम सिंह ने सम्बन्धित अधिकारियों की बैठक ली। इससे पहले मुख्य सचिव हरियाणा श्री अनुराग रस्तोगी ने सभी डीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली और उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ जन अभियान बनाने और सेवा गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
डीसी उत्तम सिंह ने मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी को गुरुग्राम जिला में सेवा संकल्प अभियान के दृष्टिगत चल रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया।
*आशीर्वाद का दीया/रक्तदान, चित्र सेवा, नमो सेवा आदि स्मरण विषयों पर आधारित होंगी विभिन्न गतिविधियां*
डीसी उत्तम सिंह ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर गुरुग्राम में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिला में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग मॉड्यूल के माध्यम से सेवा, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं।
*आंगन मिलन सेवा,सेवा की कहानी,सेवा ज्योति कलश यात्रा से लेकर सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग सरीखे होंगे आयोजन*
डीसी ने बताया कि अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया/रक्तदान, मेरे सपनों का भारत, आंगन मिलन सेवा,सेवा ज्योति कलश यात्रा आदि थीम पर कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होगा। इसके अलावा सेवा मेरा योगदान, मेरे सपनों का भारत -चित्र सेवा,सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज,सेवा सेतु अभियान जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सेवा भाव से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि सुशासन सेवा संवाद,नमो सेवा- अनकही कहानियां जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को रचनात्मक एवं सेवा कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
*विद्यार्थियों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर*
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मूल उद्देश्य आमजन को सेवा गतिविधियों से जोड़ना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का समुचित फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण भी किया जाए ताकि जिला गुरुग्राम में किए जा रहे सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, मानेसर निगम संयुक्त आयुक्त दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, मानेसर के एसडीएम लोकेश यादव, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीडीपीओ नवनीत कौर, डीईओ कैप्टन इंदु बोकन, डीएसडब्ल्यूओ सरफराज खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







